बाजार में विवाद के बाद दुकानदार ने लगाया फंदा, स्यूसाइड नोट छोड़ा

नवभारतटाइम्स.कॉम

बल्लभगढ़ के मेन बाजार में शनिवार रात हुए विवाद के बाद एक दुकानदार ने आत्महत्या कर ली। मृतक रविंद्र कुमार मित्तल ने अपने नए मकान में फंदा लगाया। पुलिस को सुसाइड नोट मिला है जिसमें उन्होंने प्रवीण बंसल को मौत का जिम्मेदार ठहराया है। परिजनों का आरोप है कि सार्वजनिक अपमान से परेशान होकर रविंद्र ने यह कदम उठाया।

shopkeeper commits suicide after market dispute cites reason in suicide note

n NBT न्यूज, बल्लभगढ़

शहर के मेन बाजार में शनिवार रात हुए एक विवाद के बाद 43 वर्षीय दुकानदार ने अपने नवनिर्मित मकान की तीसरी मंजिल पर गमछे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक दुकानदार की पहचान पंजाबी वाड़ा निवासी रविंद्र कुमार मित्तल के रूप में हुई है, जो मेन बाजार में जूते-चप्पल की दुकान चलाते थे। घटना के बाद से बाजार क्षेत्र में सनसनी फैल गई है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस को मौके से एक स्यूसाइड नोट भी मिला है, जिसने मामले को और गंभीर बना दिया है। पीयूष मित्तल के मुताबिक, शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे उसके पिता रविंद्र कुमार मित्तल दुकान बंद कर एक जागरण में शामिल होने के लिए निकल रहे थे। इसी दौरान पैसों के लेन-देन को लेकर बाजार में रेडीमेड कपड़ों की दुकान करने वाले प्रवीण बंसल से उनकी बीच बाजार में ही कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि बात इतनी बढ़ गई कि प्रवीण बंसल ने सार्वजनिक रूप से गाली-गलौज और अपमानजनक व्यवहार किया।

बताया जा रहा है कि इस घटना से रविंद्र कुमार मित्तल काफी आहत हो गए थे। वह कार्यक्रम में जाने के बजाय सीधे घर लौट आए। परिजनों का कहना है कि रात में उन्होंने कई बार संबंधित व्यक्ति से संपर्क करने की कोशिश की, ताकि मामला शांतिपूर्वक सुलझाया जा सके, लेकिन कोई बात नहीं हो पाई। इससे वह मानसिक रूप से और अधिक परेशान हो गए। रविवार सुबह करीब साढ़े दस बजे रविंद्र बिना किसी को बताए घर से निकल गए। काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटे तो परिवार के लोगों को चिंता हुई और उनकी तलाश शुरू की गई। दोपहर करीब एक बजे जब परिजन उनके नए मकान पर पहुंचे तो एक कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। रविंद्र कुमार मित्तल फंदे से लटके हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमाॅर्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया। तलाशी के दौरान मृतक की जेब से एक स्युसाइड नोट बरामद हुआ, जिसमें उन्होंने शनिवार रात बाजार में हुए विवाद का जिक्र करते हुए दुकानदार प्रवीण बंसल को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया है। बेटे पीयूष ने आरोप लगाया है कि सार्वजनिक रूप से हुई बेइज्जती और मानसिक दबाव के चलते उसके पिता रविंद्र ने यह कदम उठाया। एसीपी सिटी बल्लभगढ़ रवि खुंडिया ने बताया कि इस मामले में केस दर्ज किया गया है।