n NBT न्यूज, बल्लभगढ़
सूरजकुंड थाना क्षेत्र की ग्रीनफील्ड कॉलोनी में चाकू की नोक पर सोने की चेन लूटने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 की टीम ने कार्रवाई करते हुए 3 मई को आरोपी को दबोचा। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपी की पहचान जयपुर निवासी सैफ कुमार के रूप में हुई है, जिसका पहले से आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है।
पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक, आरोपी ने अपने साथी साजिद कुरैसी के साथ मिलकर 17 अप्रैल को ग्रीनफील्ड कॉलोनी में बाइक पर आकर चाकू के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद दोनों मौके से फरार हो गए थे। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी और गुप्त सूचना के आधार पर सैफ कुमार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने फरीदाबाद में हुई 8 लूट की वारदातों में अपनी संलिप्तता कबूल की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ दिल्ली और राजस्थान में आर्म्स एक्ट, लूट और मारपीट के तीन मामले पहले से दर्ज हैं। वहीं, उसके साथी साजिद कुरैसी को पुलिस ने एक अन्य मामले में 2 मई को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।
पुलिस ने बताया कि सैफ कुमार जयपुर की एक सिगरेट बनाने वाली कंपनी में मार्केटिंग का काम करता था, लेकिन आसान पैसे के लालच में अपराध की दुनिया में उतर गया। फिलहाल आरोपी को अदालत में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, ताकि अन्य वारदातों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा सके। गौरतलब है कि 17 अप्रैल की रात मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने ग्रीनफील्ड कॉलोनी निवासी अमरदीप कुमार से चाकू की नोक पर सोने की चेन लूट ली थी। पीड़ित की शिकायत पर सूरजकुंड थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।




