nNBT न्यूज, फरीदाबाद
पश्चिम बंगाल, असम व पुडुचेरी में बीजेपी की जीत पर शहर में जश्न का माहौल रहा। शहर में कई जगह पर कार्यक्रम आयोजित कर नेताओं व कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाईं। केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर के सेक्टर-28 स्थित कार्यालय में विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री पंडित मूलचंद शर्मा ने पहुंचकर उन्हें बधाई दी। इस दौरान दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की खुशी साझा की और कार्यकर्ताओं को भी शुभकामनाएं दीं। पंडित मूलचंद शर्मा ने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और बीजेपी की जनकल्याणकारी नीतियों पर जनता के विश्वास का परिणाम है। वहीं कृष्णपाल गुर्जर ने पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि उनकी मेहनत और समर्पण से ही बीजेपी देशभर में लगातार मजबूत हो रही है। पलवल में भी बंटे लड्डू : विधानसभा चुनाव परिणामों को लेकर जिला भाजपा कार्यालय में जश्न मनाया गया। बीजेपी कार्यकर्ताओं ने लड्डू बांटे और डांस कर खुशी का इजहार किया। पूर्व विधायक दीपक मंगला, बीजेपी जिला अध्यक्ष विपिन बैंसला और पूर्व जिला अध्यक्ष चरण सिंह तेवतिया ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास कार्यो की जीत बताया है। पूर्व विधायक दीपक मंगला अपने साथियों के साथ बंगाल चुनाव में प्रचार के लिए गए थे।




