n NBT न्यूज, बल्लभगढ़
सेक्टर-3 स्थित एक अहाता के मैनेजर आदेश कुमार की पीट-पीटकर हत्या के मामले में पुलिस ने 8 वें आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
इससे पहले इस हत्याकांड में एक किशोर समेत 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस के अनुसार, 15 अप्रैल को आदेश कुमार की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में थाना सेक्टर-8 में हत्या की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया था और जांच की जिम्मेदारी क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव को सौंपी गई थी। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 3 मई को गिरफ्तार किया गया 8 वां आरोपी आशिक, प्रेम नगर झुग्गी, सेक्टर-4 का रहने वाला है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वारदात के दौरान जब आदेश कुमार अपनी जान बचाकर भागने की कोशिश कर रहा था, तभी उसने पीछे से ईंट फेंककर उसके सिर पर वार किया। इससे वह जमीन पर गिर गया, जिसके बाद आरोपियों ने मिलकर उसकी बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। वहीं, मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस अन्य पहलुओं को भी खंगाल रही है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की जांच कर आरोपियों को पहचान की। इस केस में जांच अभी जारी है।




