मिनटों की हल्की बारिश में जलभराव का संकट

नवभारतटाइम्स.कॉम

हथीन के उटावड़ में दादा बाहड़ चौक पर हल्की बारिश से जलभराव हो गया। इससे दुकानदारों और राहगीरों को परेशानी हुई। हथीन-उटावड़ रोड पर पानी भर गया। होडल में भी बारिश के बाद जलभराव की स्थिति बनी रही। प्रशासन ने मौके का निरीक्षण नहीं किया। लोगों का जनजीवन प्रभावित हुआ।

hathin waterlogging in light rain dilapidated system of utavads dada bahad chowk exposed

nNBT न्यूज, हथीन : बिन मौसम बारिश ने उटावड़ के दादा बाहड़ चौक की बदहाल व्यवस्था की पोल खोल दी है। हल्की बारिश के बाद ही चौक पूरी तरह जलमग्न हो गया, जिससे आसपास के दुकानदारों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। हथीन-उटावड़ रोड पर पानी भर जाने से स्थिति और भी गंभीर हो गई, जहां सड़क का पानी दुकानों तक पहुंच गया और व्यापार प्रभावित हुआ। स्थानीय दुकानदार आलम खान ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि बारिश के मौसम से पहले यदि जल निकासी के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए तो आने वाले दिनों में स्थिति और भयावह हो सकती है। उन्होंने बताया कि हर वर्ष इसी तरह की समस्या सामने आती है, लेकिन प्रशासन द्वारा स्थायी समाधान की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए जाते। स्थानीय विधायक मोहम्मद इसराइल चौधरी ने बताया कि दादा बाहड़ चौक का जीर्णोद्धार किया जाएगा। सौंदर्यीकरण के लिए बजट शीघ्र जारी होगा।

वहीं होडल में भी जलभराव देखने को मिला। दो घंटे तक हुई बारिश के बाद भी नगर परिषद के किसी भी अधिकारी या अन्य प्रशासनिक अधिकारी ने शहर का मौका निरीक्षण तक नहीं किया। शहर में बरसाती पानी भरा होने के कारण पूरे जन जीवन अस्त व्यस्त होकर रह गया।