झाल की ताल

नवभारतटाइम्स.कॉम

एक शब्द, अनेक अर्थ। झाल शब्द का तीखापन, वाद्ययंत्र और सहारे के रूप में प्रयोग होता है। पश्चिम बंगाल, बिहार और उत्तर प्रदेश में इसका विशेष महत्व है। ग्रामीण जीवन में भी झाल का एक अलग अर्थ है। बेमतलब के काम को झाल बजाना कहते हैं। धातु जोड़ने की क्रिया भी झाल कहलाती है।

jhaal one word many meanings from sharpness to musical instrument

भाषा की सबसे रोचक विशेषता यह है कि एक ही शब्द अपने भीतर कई अर्थ समेटे रहता है। ‘झाल’ ऐसा ही एक बहुअर्थी शब्द है। भाववाचक रूप में ‘झाल’ का अर्थ तीखापन है। जैसे ही ‘झाल’ कहा जाता है, जिह्वा पर तीखेपन की स्मृति ताजा हो उठती है। लेकिन संज्ञा के रूप में इस ‘झाल’ का अर्थ बदल जाता है। पश्चिम बंगाल, बिहार और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में यह कांसे का बना एक वाद्ययंत्र है, जो कीर्तन-भजन की लय को सजीव करता है। इसके छोटे रूप को कहीं-कहीं ‘झुनकुटी’ भी कहा जाता है। ग्रामीण जीवन में ‘झाल’ का एक और रूप दिखाई देता है- जब तोरी या बरवटी जैसी लताओं को सहारा देने के लिए टहनियां जमीन में गाड़ दी जाती हैं, तो उस सहारे को भी ‘झाल’ कहा जाता है। वहीं, मुहावरे में ‘बैठे-बैठे झाल बजाना’ बेमतलब के दिन काटने पर व्यंग्य करता है। क्रिया रूप ‘झालना’ धातु के दो टुकड़ों को जोड़ने या बर्तन की मरम्मत से जुड़ता है, जिसे अंग्रेज़ी में welding कहा जाता है। जहां तक इसकी उत्पत्ति का प्रश्न है, ‘झाल’ शब्द की जड़ें पूर्वी भारतीय भाषाओं मिलती हैं। झाल यानी तीखा, बांग्ला शब्द है।