n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
पॉश एरिया सुशांत लोक फेज-1 में एक बंद पड़े मकान को चोरों ने निशाना बनाया। चोरों ने खिड़की के रास्ते घर में घुसकर सोने की जूलरी, चांदी की मूर्तियां, लैपटॉप और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिए। पुलिस ने केस दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
सोनीपत के अजीत ने बताया कि वह गांव कन्हई में रहते हैं और एक कंपनी में काम करते हैं। मालिक का मकान सुशांत लोक फेज-1 में है। वह अक्सर परिवार सहित यहां रहने आते हैं। देखरेख के लिए केयरटेकर रखा था, जो 15 अप्रैल को एक महीने की छुट्टी पर था। उसके बाद से मकान खाली था और पौधों में पानी देने की जिम्मेदारी अजीत को सौंपी गई थी। 27 अप्रैल की सुबह करीब 10 बजे जब अजीत घर पहुंचा तो उसने देखा कि बाहर वाले कमरे की खिड़की खुली हुई थी। जांच में पता चला कि चोर खिड़की के रास्ते घुसे और दो सोने की चेन, दो लैपटॉप, दो चांदी की मूर्तियां, चांदी के सिक्के, चार पुराने कैमरे और कार की दो चाबियां चोरी कर ले गए।




