n NBT रिपोर्ट, नई बस्ती
शहर के व्यस्त रिहायशी एरिया नई बस्ती में सोमवार सुबह करीब 10:20 बजे एक सैनेटरी स्टोर के गोदाम में आग लग गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग को काबू पाया। हादसे में लाखों का सामान जल गया, वहीं आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, स्टोर खुलने के कुछ ही देर बाद पहली मंजिल पर स्थित गोदाम से अचानक धुएं का गुबार उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। गोदाम में गत्ते और प्लास्टिक पैकिंग मटीरियल रखे थे, जिसने आग तेजी से फैलने लगी। घना धुआं और लपटें देख आसपास के घरों में रहने वाले लोग बाहर निकल आए। सूचना मिलते ही भीम नगर फायर स्टेशन से दो और सेक्टर-37 से एक दमकल गाड़ी मौके पर पहुंच गईं। फायर स्टेशन ऑफिसर नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने तुरंत मोर्चा संभाला। करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, फायर विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर रिहायशी इलाकों में सुरक्षा इंतजामों और ज्वलनशील सामग्री के भंडारण को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।




