‘जनता की शिकायतों के निस्तारण में नहीं बर्दाश्त होगी लापरवाही’

नवभारतटाइम्स.कॉम

उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह ने जीएमडीए और नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मानसून से पहले सभी आवश्यक कार्य पूरे किए जाएं। पेयजल की कमी न हो और शहर की सफाई व्यवस्था बेहतर रहे। जनता की शिकायतों का तुरंत समाधान हो, इसमें कोई लापरवाही नहीं बरती जाएगी।

negligence in resolving public complaints will not be tolerated industry minister rao narbir singh

n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव

मॉनसून से पहले सभी विभागों के अधिकारी आपसी तालमेल करके सड़क, ड्रेनेज, सीवर सफाई के लिए कार्य करें। शहर में गर्मी के सीजन को देखते पेयजल की कमी न रहे। घरों से कूड़ा उठाने से लेकर शहर की सफाई व्यवस्था बेहतर होनी चाहिए। इस प्रकार के दिशा निर्देश सोमवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह ने जीएमडीए, नगर निगम के अलावा अन्य विभाग के अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि जनता की ओर से आने वाली शिकायतों का समाधान तुंरत हो, इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों में तेजी लाएं। ड्रेनेज की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी नालों की सफाई, डी-सिल्टिंग और नेटवर्क को तय समय में पूरा किया जाए, ताकि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या न हो। अधिकारियों ने जानकारी दी कि सेक्टर 68-75 और 112-115 में ड्रेनेज सिस्टम का निर्माण प्रगति पर है। बैठक में सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि जीएमडीए एरिया में लगभग 447 करोड़ रुपये के सड़क संबंधी कार्य चल रहे हैं जबकि 1 हजार 271 करोड़ रुपये के कार्य अलॉटमेंट की प्रक्रिया में हैं। निर्देश दिए कि सभी प्रॉजेक्ट्स को निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए।