nNBT न्यूज, फरीदाबाद
सूरजकुंड स्थित इबीजा टाउन सोसायटी में इन दिनों बिजली कटौती ने निवासियों की परेशानी बढ़ा दी है। सोसायटी में रोजाना 8 से 10 घंटे तक बिजली गुल रहने से करीब 4 से 5 हजार लोग प्रभावित हो रहे हैं। सबसे ज्यादा दिक्कत बच्चों और बुजुर्गों को झेलनी पड़ रही है। निवासियों का कहना है कि गुरुकुल सबस्टेशन से आने वाली बिजली सप्लाई की केबल में बार-बार फॉल्ट आ रहा है, जिसके चलते लंबे समय तक बिजली बाधित रहती है। आरोप है कि फॉल्ट ठीक करने में बिजली निगम के कर्मचारी काफी समय लेते हैं, जिससे समस्या और बढ़ जाती है। कई बार तो 12 घंटे से भी ज्यादा समय तक बिजली गुल रहने की स्थिति बन जाती है। बिजली कटौती का सीधा असर बच्चों की पढ़ाई और लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ रहा है। रात में बिजली न होने से बच्चे पढ़ नहीं पा रहे हैं, वहीं गर्मी के मौसम में बुजुर्गों और बीमार लोगों की हालत खराब हो रही है। स्थिति से निपटने के लिए सोसायटी में डीजल जेनरेटर (डीजी सेट) चलाए जा रहे हैं, जिससे न केवल खर्च बढ़ रहा है बल्कि प्रदूषण भी फैल रहा है। इससे पर्यावरण और स्वास्थ्य दोनों पर खतरा मंडरा रहा है।




