n NBT रिपोर्ट, नोएडा : नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे की हरियाली को सुरक्षित और बेहतर बनाए रखने के लिए अब आधुनिक स्प्रिंकलर सिंचाई व्यवस्था शुरू की जाएगी। इसके तहत एक्सप्रेसवे के दोनों ओर ग्रीन बेल्ट में 12 भूमिगत टैंक बनाए जाएंगे, जिनसे पाइपलाइन के जरिए पौधों तक पानी पहुंचाया जाएगा। नोएडा प्राधिकरण ने इस परियोजना के लिए महामाया फ्लाईओवर से सेक्टर-128 अंडरपास तक करीब छह किलोमीटर क्षेत्र को चुना है। यहां ड्रिप और स्प्रिंकलर तकनीक से पौधों की सिंचाई होगी। भूमिगत टैंकों से सेंट्रल वर्ज और सड़क किनारे की ग्रीन बेल्ट तक पाइपलाइन बिछाकर नियमित रूप से पानी का छिड़काव किया जाएगा। योजना की खास बात यह है कि सिंचाई के लिए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के शोधित पानी का इस्तेमाल होगा। इससे पानी की बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।




