NBT न्यूज, चंडीगढ़ : 1 मई से हड़ताल पर चल रहे सफाई कर्मचारियों और एक महीने से अधिक समय से हड़ताल पर चल रहे अग्निशमन कर्मचारियों की करीब एक दर्जन मांगों को मानने के लिए प्रदेश सरकार बुधवार की रात को सहमत हो गई है। सफाईकर्मियों की हड़ताल खत्म करने पर सहमति बन गई है। गुरुवार को विचार विमर्श के बाद सफाई कर्मचारी हड़ताल खत्म कर सकते हैं। हरियाणा निवास में बुधवार को शहरी निकाय मंत्री विपुल गोयल, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर और मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण गुप्ता के साथ दो चरणों में छह घंटे चली वार्ता सफल रही। नगर पालिका और अग्निशमन विभाग के कर्मचारी नेताओं ने गुरुवार को रोहतक में प्रदेश और जिला स्तरीय पदाधिकारियों की बैठक बुलाई है, जिसमें सरकार के साथ हुई बातचीत के बिंदु रखे जाएंगे। उसी समय यदि सहमति बनी तो हड़ताल को वापस लेने का निर्णय लिया जा सकता है। हरियाणा सरकार ने भरोसा दिलाया है कि मांगों को 30 जून तक पूरा कर दिया जाएगा। कर्मचारियों को बैंक के माध्यम से वेतन दिया जाएगा। स्वीपिंग में लगे कर्मचारियों को तेल-साबुन भी दिया जाएगा। हाई कोर्ट में केस जीतने वाले फरीदाबाद के 111 कर्मचारियों के साथ ही 150 अन्य कर्मचारियों को पक्का करने पर सहमति बनने की सूचना आई है।


