n NBT न्यूज, नोएडा : उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड ने आरडीएसएस योजना के तहत लगाए गए सभी स्मार्ट प्रीपेड मीटरों को पोस्टपेड में बदलने का फैसला किया है। इस संबंध में प्रबंध निदेशक नीतीश कुमार ने पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड को निर्देश जारी किए हैं। आदेश के मुताबिक, वर्तमान में प्रीपेड मोड में संचालित सभी स्मार्ट मीटरों को तत्काल प्रभाव से पोस्टपेड में बदला जा रहा है। यह प्रक्रिया मुख्यालय स्तर से आरएमएस बैंक एंड के माध्यम से पूरी की जा रही है। मई 2026 की बिजली खपत का बिल जून 2026 में पोस्टपेड प्रणाली के तहत जारी होगा।
गौतमबुद्ध नगर में इस बदलाव का काम तेजी से चल रहा है। अब तक जिले में 60 प्रतिशत से अधिक प्रीपेड स्मार्ट मीटरों को पोस्टपेड मोड में परिवर्तित किया जा चुका है। पीवीवीएनएल गौतमबुद्ध नगर के मुख्य अभियंता संजय जैन ने बताया कि उपभोक्ताओं को हर महीने बिजली बिल एसएमएस और वॉट्सएप के माध्यम से भेजा जाएगा। प्रत्येक माह की 10 तारीख तक बिल जारी करना अनिवार्य होगा। यदि किसी मीटर की ऑटोमैटिक रीडिंग 5 तारीख तक प्राप्त नहीं होती है तो मैनुअल रीडिंग के आधार पर बिल जारी किया जाएगा। मोबाइल नंबर अपडेट न होने पर उपभोक्ता डिस्कॉम के वॉट्सएप चैटबॉट या 1912 हेल्पलाइन के जरिए बिल प्राप्त कर सकेंगे। नए कनेक्शन अब स्मार्ट पोस्टपेड मीटर के जरिए ही दिए जाएंगे।


