n अम्बरीश त्रिपाठी/ सिद्धार्थ अग्रवाल, नोएडा : आर्थिक तंगी, पारिवारिक जिम्मेदारियां और संसाधनों की कमी भी इन होनहार छात्रों के हौसले को नहीं रोक सकी। सीबीएसई 12वीं के रिजल्ट में कई ऐसे छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में पढ़ाई जारी रखकर सफलता हासिल की। किसी के पिता सड़क किनारे पंक्चर बनाकर परिवार चला रहे हैं, तो कोई बीमार मां की सेवा के साथ पढ़ाई कर रहा है। किसी ने हिंदी मीडियम से इंग्लिश मीडियम की चुनौती पार की, तो किसी ने सीखने में कठिनाई को अपनी ताकत बना लिया। सीमित संसाधनों और कठिन हालात के बावजूद ग्रेटर नोएडा और आसपास के इन छात्रों ने बोर्ड परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर यह साबित कर दिया कि मेहनत और हौसले के आगे मुश्किलें छोटी पड़ जाती हैं। कासना के मजदूर फूल सिंह की बेटी वंदना ने 93.4 फीसदी अंक हासिल किए, वहीं मोनिका, निशा, काशवी और संजना ने भी अपने संघर्ष को कामयाबी में बदलकर परिवार और स्कूल का नाम रोशन किया। इन बच्चों की सफलता अब दूसरे विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बन रही है।
सरकारी स्कूलों का शानदार प्रदर्शन
n NBT न्यूज, ग्रेनो : सीबीएसई ने बुधवार को 12वीं के परीक्षा परिणाम घोषित किए, जिसमें ग्रेटर नोएडा के सरकारी स्कूलों और केंद्रीय विद्यालयों के छात्रों ने बेहतर प्रदर्शन किया। कासना स्थित सावित्री बाई फुले बालिका इंटर कॉलेज में 45 में से 44 छात्राएं पास हुईं। कॉलेज की प्रभारी उप प्रधानाचार्य प्रीति फोगाट ने बताया कि छात्राओं ने मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन से उत्कृष्ट परिणाम हासिल किए। वंदना ने 93.4 फीसदी अंक प्राप्त किए, जबकि दिशा ने 87.4 फीसदी अंक हासिल किए। शालिनी और निशा का प्रदर्शन भी सराहनीय रहा। ग्रेनो वेस्ट के गौतम बुद्ध बालक इंटर कॉलेज में 23 के 23 छात्र पास हुए। मोहित ने 89.2, कुश्भंत सिंह ने 87.8 और विवान ने 83.8 फीसदी अंक हासिल किए। वहीं, ग्रेटर नोएडा केंद्रीय विद्यालय का परीक्षा परिणाम 95 फीसदी रहा। प्रिंसिपल प्रियंका त्यागी ने बताया कि सभी स्ट्रीम के विद्यार्थियों ने अच्छे अंक प्राप्त किए हैं।


