n NBT न्यूज, नोएडा : सेक्टर-100 स्थित पौराणिक वोडा महादेव मंदिर के पास शराब का ठेका खोले जाने से स्थानीय लोगों में भारी रोष है। मंदिर को नोएडा के प्राचीन धार्मिक स्थलों में गिना जाता है और आसपास के लोगों की इससे गहरी आस्था जुड़ी है। हाल ही में यूनिटेक की ओर जाने वाले मार्ग पर मंदिर से करीब 50 मीटर दूरी पर शराब का ठेका खोला गया है, जिसका सेक्टरों और सोसायटियों के निवासियों ने विरोध शुरू कर दिया है। लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थल के निकट शराब ठेका खोला जाना नीतियों के खिलाफ है और इससे धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं। निवासियों ने बताया कि संबंधित सड़क पहले से ही संकरी है। ठेके पर आने वाले ग्राहकों के वाहन सड़क किनारे खड़े होने से जाम की स्थिति बन रही है और हादसे का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस मार्ग से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, स्कूली बच्चे और बुजुर्ग गुजरते हैं। ऐसे में यहां शराब की दुकान खुलना सामाजिक दृष्टि से भी उचित नहीं है।


