n NBT न्यूज, गाजियाबाद
बकरीद के मौके पर घर जाने वाले यात्रियों की भीड़ रेलवे स्टेशन पर लगातार बढ़ रही है। बुधवार को स्टेशन पर भारी भीड़ देखने को मिली। बिहार, बंगाल, बरेली, गोरखपुर, मुरादाबाद और हापुड़ जाने वाले यात्रियों की संख्या सबसे अधिक रही। बीते दो दिन के मुकाबले टिकट भी अधिक खरीदे गए हैं। अधिक भीड़ होने के कारण ट्रेन में चढ़ने और उतरने में दिक्कत हुई। इस दौरान आरपीएफ और जीआरपी के जवानों ने यात्रियों को ट्रेन में सवार होने में मदद की।
सुबह से ही यात्रियों की भीड़ आना शुरू हो गई। पैसंजर ट्रेनों के साथ-साथ एक्सप्रेस ट्रेनों में भी यात्रियों को पैर रखने तक की जगह नहीं मिल रही है। जनरल कोच में हालत सबसे ज्यादा खराब रही, जहां यात्री सीट छोड़िए, खड़े होने की जगह के लिए भी जूझते नजर आए। कई यात्री ट्रेन आने से पहले ही प्लेटफॉर्म पर पहुंच गए ताकि किसी तरह ट्रेन में जगह मिल सके। स्टेशन पर बच्चों और महिलाओं के साथ सफर करने वाले यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ी। ट्रेन आते ही कोच में चढ़ने के लिए धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। आरपीएफ इंस्पेक्टर चेतन प्रकाश ने बताया कि बकरी ईद को देखते हुए यात्रियों की संख्या में अचानक बढ़ोतरी हुई है।



