nNBT न्यूज, लखनऊ
बाजारखाला इलाके में बुधवार दोपहर रिश्ते बचाने की उम्मीद लेकर मिलने पहुंची महिला की उसके पति ने धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया, हालांकि पुलिस ने कुछ देर बाद उसे हिरासत में ले लिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस को मौके से खून के निशान और संघर्ष के सबूत मिले हैं।
ऐशबाग रामनगर धोबीघाट निवासी सब्जी विक्रेता मोहम्मद शाहिद का निकाह वर्ष 2019 में खजुआ तकिया चांद अली शाह निवासी शफीक की बेटी चांदनी (26) से हुआ था। मृतका के पिता के मुताबिक शादी के बाद से ही शाहिद बेटी के साथ मारपीट करता था। लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर चांदनी तीन महीने पहले अपने बेटे वहाब के साथ मायके में रहने लगी थी। मामला बाजारखाला थाने तक पहुंचा था और पुलिस कार्रवाई की तैयारी में थी, लेकिन परिवार के समझाने पर समझौता हो गया था। इसके बावजूद चांदनी ससुराल वापस नहीं गई।



