n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव: नगर निगम और हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की संयुक्त टीम ने ओल्ड दिल्ली रोड स्थित शिव आश्रम परिसर में अवैध बोरवेल के खिलाफ कार्रवाई की। बिना अनुमति भूजल दोहन किए जाने की पुष्टि होने पर संबंधित बोरवेल को बंद करा दिया गया।
नगर निगम के अडिशनल कमिश्नर यश जालुका के साथ प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के एसडीओ विशाल शौकीन समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। टीम ने जांच की और पाया कि भूजल निकासी के लिए आवश्यक वैधानिक अनुमति प्राप्त नहीं ली गई थी। यह भी सामने आया कि राजीव यादव निवासी शिव आश्रम, ओल्ड दिल्ली रोड इस बोरवेल का संचालन कर रहे थे।


