ईद उल अजहा यानी बकरीद सिर्फ एक त्योहार नहीं, इंसान की रूह, ईमान और भीतर मौजूद प्रेम व त्याग की परीक्षा का दिन है। इस दिन की सबसे बड़ी सीख यह नहीं कि कौन कितना बड़ा जानवर कुर्बान करता है, बल्कि यह कि कौन अपने अहंकार, मोह, लालच, नफरत और स्वार्थ को ईश्वर की राह में छोड़ने का साहस रखता है। कुछ लोगों को लगता है कि जानवर की कुर्बानी से कुर्बानी पूरी हो गई, मगर ऐसा होता नहीं। जब तक आपका जीवन समानता, प्रेम, करुणा, त्याग, समर्पण, सत्य और सहयोग के मूल्यों को नहीं दिखाएगा, तब तक कुर्बानी पूरी नहीं होगी।
इस त्योहार की बुनियाद पैगम्बर इब्राहिम और उनके बेटे पैगम्बर इस्माइल की उस महान घटना पर है, जब एक पिता अपने सबसे प्रिय को भी ईश्वर की इच्छा पर न्योछावर करने के लिए तैयार हो गया। यह केवल एक कहानी नहीं, मानव इतिहास में विश्वास और समर्पण की सबसे गहरी मिसालों में से एक है। आज के दौर में जहां रिश्तों में विश्वास कम हो रहा है, समाज में नफरत बढ़ रही है और इंसान अपने ही अहंकार का कैदी बनता जा रहा है। ऐसे समय में कुर्बानी का मतलब केवल रस्म नहीं, आत्मा की शुद्धता का अवसर बन जाता है।
कुर्बानी का दूसरा अर्थ भीतर की कठोरता, जड़ता और मोह को खत्म करना भी है। इस्लाम की शिक्षा भी यही कहती है कि ईश्वर तक न जानवर का गोश्त पहुंचता है, न उसका खून, बल्कि इंसान की नीयत पहुंचती है। इस बकरीद अगर हम अपने भीतर झांकें, अहंकार कम करें, रिश्तों को जोड़ें, बड़ों का सम्मान और छोटों को सही रास्ता दिखाएं, तो इस त्योहार का असली आध्यात्मिक अर्थ हमारे जीवन में उतर पाएगा।



