n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन पर नियंत्रण को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ाने के संकेत दिए हैं। बुधवार को लघु सचिवालय में उपायुक्त उत्तम सिंह की अध्यक्षता में माइनिंग टास्क फोर्स कमिटी की बैठक हुई, जिसमें संबंधित विभागों के अधिकारियों और टास्क फोर्स सदस्यों ने हिस्सा लिया। उन्होंने निर्देश दिया कि अवैध खनन पर रोक के लिए संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाई जाए।
बैठक में उपायुक्त ने जिला और उपमंडल स्तर पर गठित टास्क फोर्स टीमों को नियमित संयुक्त निरीक्षण करने के निर्देश दिए। खासतौर पर पहाड़ी क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाने को कहा गया, ताकि अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों की सख्ती से पालन सुनिश्चित करना सभी संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अवैध खनिज परिवहन पर निगरानी रखने, वाहनों की नियमित जांच और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ संयुक्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से लागू व्यवस्थाओं को प्रभावी तरीके से जमीन पर उतारा जाए और कहीं भी अवैध गतिविधि सामने आने पर तुरंत सख्त कार्रवाई की जाए। इस मामले पर माइनिंग अधिकारी निरंजन लाल ने बैठक में बताया कि अप्रैल और मई के दौरान जिले में अवैध खनन और अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया गया। इस दौरान 134 ओवरलोड वाहनों को जब्त किया गया और 61 लाख रुपये से अधिक की पैनल्टी वसूली गई। उन्होंने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है और संयुक्त टीमें नियमित निरीक्षण कर रही हैं। विभाग की ओर से किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जा रही है। हर स्तर पर सख्ती करने की वजह से लगातार कार्रवाइयां की गई हैं। इस मौके पर गुड़गांव एसडीएम हितेंद्र कुमार, बादशाहपुर एसडीएम संजीव सिंगला, पटौदी एसडीएम दिनेश लुहाच, सोहना एसडीएम अखिलेश, हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आरओ सिद्धार्थ आदि मौजूद रहे।



