NBT न्यूज, हथीन
पलवल जिले के भंगुरी गांव में सरकारी आदेशों की अवहेलना करते हुए देर रात तक अंग्रेजी शराब का ठेका संचालित किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ठेका संचालक समेत संबंधित लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बावजूद ठेके पर शराब की बिक्री जारी थी।
जानकारी के अनुसार, 26 मई की सुबह करीब चार बजे सब-इंस्पेक्टर कुशल कुमार अपनी टीम के साथ हथीन रेस्ट हाउस के पास रात्रि गश्त पर मौजूद थे। इसी दौरान वायरलेस के माध्यम से सूचना मिली कि पुलिस लाइन पलवल के रात्रि चेकिंग अधिकारी इंस्पेक्टर रविन्द्र अपनी टीम के साथ गांव भंगुरी में जांच कर रहे हैं, जहां अंग्रेजी शराब का ठेका तय समय के बाद भी खुला हुआ है। सूचना मिलने पर एसआई कुशल कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान पाया गया कि ठेका खुला था और वहां शराब की बिक्री की जा रही थी। पुलिस को देखकर मौके पर मौजूद एक व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने मौके की तस्वीरें लेकर साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू की। पुलिस जांच में सामने आया कि ठेके का मालिक सुरेन्द्र भाटी है, जबकि संचालन भंगुरी निवासी अजीत कर रहा था और मलोखड़ा निवासी आकिब वहां सेल्समैन के रूप में कार्यरत था। हथीन थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



