n NBT रिपोर्ट, ग्रेटर नोएडा
ग्रेटर नोएडा में कॉलोनाइजर बड़े पैमाने पर नियमों की अनदेखी कर अवैध कॉलोनियां विकसित कर रहे हैं। फ्लैट और विला बनाकर बसाई जा रही इन कॉलोनियों का सीवर चोरी-छिपे ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी की सीवर लाइन से जोड़ा जा रहा है। शिकायत मिलने पर अथॉरिटी ने कार्रवाई करते हुए 5 अवैध कॉलोनियों के सीवर कनेक्शन काट दिए।
बताया गया है कि वेदपुरा गांव के आसपास ही 10 से अधिक ऐसी कॉलोनियां हैं, जिनका सीवर अथॉरिटी की लाइन में मिलाया गया है। अधिसूचित क्षेत्र में लगातार बढ़ रही अवैध कॉलोनियों में कहीं प्लॉटिंग हो रही है तो कहीं फ्लैट और विला बनाकर बिक्री की जा रही है। इन परियोजनाओं का खुलेआम प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है। नियमों के मुताबिक बिना अनुमति इस तरह की कॉलोनियां विकसित करना गैरकानूनी है। इन कॉलोनियों में सीवर और पानी की वैध व्यवस्था नहीं होने के कारण कॉलोनाइजर चोरी-छिपे अथॉरिटी की लाइन से कनेक्शन जोड़ देते हैं। हालांकि अथॉरिटी ने निगरानी के लिए सर्किलवार अधिकारियों की तैनाती की है, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से अवैध निर्माण लगातार बढ़ रहे हैं।
कितनी अवैध कॉलोनियों का सीवर जुड़ा है, होगा सर्वे
अथॉरिटी के पास आई शिकायतों को सीईओ एनजी रवि कुमार ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने प्रॉजेक्ट डिपार्टमेंट को निर्देश दिए हैं कि सर्वे कर यह पता लगाया जाए कि कितनी अवैध कॉलोनियों का सीवर अथॉरिटी की लाइन से जोड़ा गया है। सर्वे रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। रिपोर्ट जल्द से जल्द देने के निर्देश भी दिए गए हैं।



