n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद
पल्ला थाना क्षेत्र स्थित शास्त्री कॉलोनी में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घटना उस समय हुई जब मकान मालिक अपने परिवार के साथ उत्तर प्रदेश में बच्चे के मुंडन कार्यक्रम में शामिल होने गए हुए थे। घर पर ताला लगा हुआ था। सूचना मिलने के बाद सियाराम ने गांव से ही डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को मामले की जानकारी दी।
पीड़ित सियाराम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पूरे परिवार के साथ गांव गए हुए थे और घर पर ताला लगा हुआ था। 18 मई 2026 को पड़ोसी ठाकुर ने फोन कर बताया कि उनके मकान का ताला टूटा हुआ है। सूचना मिलते ही सियाराम ने गांव से ही डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और पड़ोसियों की मदद से घर को दोबारा सुरक्षित कर ताला लगवा दिया। पारिवारिक कार्यक्रम में व्यस्त होने के कारण सियाराम तुरंत वापस नहीं लौट सके। 26 मई को घर पहुंचकर सामान की जांच करने पर चोरी का खुलासा हुआ। पीड़ित के अनुसार घर की लोहे की अलमारी से करीब डेढ़ लाख रुपये नकद गायब मिले। इसके अलावा सोने-चांदी के जेवरात और 13 साड़ियां भी चोरी हो गईं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।



