n NBT न्यूज, बल्लभगढ़
नीमका स्थित जिला जेल में सुरक्षा जांच के दौरान एक बंदी के कब्जे से संदिग्ध सुल्फानुमा पदार्थ बरामद होने का मामला सामने आया है। जेल प्रशासन की शिकायत पर थाना सदर बल्लभगढ़ पुलिस ने दो बंदियों और एक बाहरी व्यक्ति के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, 26 मई की शाम करीब 6:45 बजे जेल में क्यूआरटी स्टाफ नियमित राउंड और बैरकों की गिनती बंद करवा रहा था। इसी दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर बैरक नंबर 16/2 में बंद बंदी आर्यन की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से काले रंग का संदिग्ध सुल्फानुमा पदार्थ बरामद हुआ। मौके पर मौजूद जेल अधिकारियों और वाॅर्डरों ने बरामदगी की पुष्टि की, जिसके बाद पदार्थ को उप-अधीक्षक (सुरक्षा) के समक्ष पेश किया गया।
पूछताछ में आर्यन ने खुलासा किया कि यह पदार्थ उसे बंदी आकाश ने दिया था। आकाश से पूछताछ में सामने आया कि 25 मई को दिल्ली की साकेत कोर्ट में पेशी के दौरान रोहित नामक व्यक्ति ने उसे यह पदार्थ दिया था। आरोप है कि वह इसे निगलकर जेल के भीतर लाया और बाद में बाहर निकालकर आर्यन को सौंप दिया। जेल प्रशासन के अनुसार, बरामद पदार्थ का शुद्ध वजन 14.14 ग्राम पाया गया। पुलिस ने आर्यन, आकाश और रोहित के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



