n NBT न्यूज, बल्लभगढ़ : तिगांव थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 की टीम ने 26 मई को गांव तिगांव निवासी विक्रम को दबोचा। पूछताछ के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी से मामले की कई अहम कड़ियां सामने आने की उम्मीद है।
पुलिस के अनुसार, मृतक मोनू राजस्थान के भिवाड़ी स्थित सैदपुर गांव का निवासी था। मामले में पहले भी कई आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। पूछताछ में आरोपी विक्रम ने बताया कि अप्रैल 2026 में उसकी भतीजी अचानक लापता हो गई थी, जिसके बाद उसके भाई कुलभूषण ने तिगांव थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। परिवार को शक था कि मोनू उनकी भतीजी को बहला-फुसलाकर ले गया है।
आरोप है कि इसी शक के चलते 20 मई को कुलभूषण और परिवार के अन्य सदस्यों ने मोनू को पकड़ लिया और खेत में बने मकान पर ले जाकर बेरहमी से मारपीट की। मोनू के पिता भीम सिंह ने 21 मई को शिकायत देकर अपहरण और मारपीट के आरोप लगाए थे। इलाज के दौरान मोनू की मौत होने पर पुलिस ने मामले में हत्या की धारा भी जोड़ दी। पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक, मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद है।



