n NBT न्यूज, गुड़गांव
ईद-उल-अजहा ( बकरीद ) का पर्व गुरुवार को शहर में उत्साह और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। सुबह मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा करने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। अल्लाह की इबादत में लाखों लोगों ने सजदा किया और एक-दूसरे को गले लगाकर मुबारकबाद दी। इसके बाद कुर्बानी के साथ स्वच्छता का संदेश दिया।
सदर बाजार स्थित जामा मस्जिद में बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज अदा की। जगह कम पड़ने के कारण तीन से चार चरणों में नमाज करवाई। नमाज के दौरान देश में अमन-चैन, तरक्की और सीमा पर तैनात जवानों की सलामती के लिए विशेष दुआ मांगी गई। इमाम संगठन के सदर एवं शहर-ए-काजी मौलाना मुफ्ती अब्दुल हसीब कासमी ने कहा कि बकरीद केवल कुर्बानी का पर्व नहीं, बल्कि त्याग और इंसानियत का संदेश देने वाला त्योहार है। यह पर्व हजरत इब्राहिम की अल्लाह के प्रति अटूट आस्था और सर्वोच्च बलिदान की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि असली कुर्बानी अपने भीतर की नफरत, घमंड, लालच और बुराइयों को खत्म करना है। उन्होंने अपील की कि त्योहार को सादगी और स्वच्छता के साथ मनाएं। कुर्बानी के दौरान साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें जिससे शहर में सौहार्द और व्यवस्था बनी रहे। सदर बाजार स्थित जामा मस्जिद के अलावा सेक्टर-29 स्थित लेजर वैली पार्क के पास, उद्योग विहार, हाईवे मस्जिद, पटौदी चौक, देवीलाल नगर, शीतला कॉलोनी, गांव धनकोट, सेक्टर-57, बजघेड़ा और सराय अलावर्दी समेत शहर की विभिन्न मस्जिदों में नमाज अदा की गई।


