नमाज, दुआ और भाईचारे के माहौल में मनाई बकरीद

नवभारतटाइम्स.कॉम

फरीदाबाद में गुरुवार को बकरीद का पर्व धूमधाम से मनाया गया। मुस्लिम समाज के लोगों ने मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा की। लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर मुबारकबाद दी। इस मौके पर हिंदू-मुस्लिम भाईचारे का संकल्प लिया गया। विधायक मोहम्मद इसराइल चौधरी ने ईद मिलन समारोह का आयोजन किया। पर्व कुर्बानी और आपसी मोहब्बत का प्रतीक रहा।

नमाज, दुआ और भाईचारे के माहौल में मनाई बकरीद

n NBT न्यूज, फरीदाबाद : शहर में गुरुवार को ईद उल-अजहा (बकरीद) का पर्व उत्साह और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। सुबह से ही विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में मुस्लिम समाज के लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने नए कपड़े पहनकर अल्लाह की इबादत की और अमन-चैन की दुआ मांगी। शहर की विभिन्न मस्जिदों में सुबह लोगों ने निर्धारित समय पर ईद की नमाज अदा की। नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर मुबारकबाद दी। इस मौके पर पुलिस प्रशासन तैनात रहा। बच्चों और युवाओं में पर्व को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। कई जगहों पर लोगों ने अपने रिश्तेदारों व दोस्तों के घर जाकर बधाई दी। साथ ही सेवइयों और अन्य पारंपरिक व्यंजनों का आनंद लिया। ऊंचा गांव स्थित जामा मस्जिद के मौलाना जमालुद्दीन ने बताया कि यह पर्व कुर्बानी और आपसी मोहब्बत का प्रतीक है। मस्जिद में लोगों ने एक साथ हाथ उठाकर दुआ मांगी। मस्जिद में आने वाले लोगों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की गई। यहां ओल्ड फरीदाबाद स्थित जामा मस्जिद, ऊंचा गांव स्थित जामा मस्जिद सेक्टर 19 मस्जिद, एनआईटी तीन स्थित मस्जिद, बड़खल स्थित दिल्ली वाली मस्जिद, नंगला, डबुआ कॉलोनी की मस्जिदों में नमाज अदा की गई।

ईद मिलन समारोह में शामिल हुए सभी वर्गों के लोग : विधायक मोहम्मद इसराइल चौधरी ने जलेब खान कॉलोनी स्थित कार्यालय पर ईद मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में समाज के सभी वर्गों के लोगों ने भाग लिया।हिन्दू मुस्लिम भाईचारे को बनाए रखने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर इंडियन नेशनल लोक दल के विधायक आदित्य देवीलाल , महेंद्र चौहान, सूरज पांडे, जय सिंह चौहान आदि मौजूद रहे।