n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
शहर में गुरुवार शाम हुई बारिश के बाद बेरीवाला बाग डंपिंग स्टेशन से सड़क पर आए कीचड़ फैल गया। जिसकी वजह से कई बाइकर्स फिसलकर घायल हो गए। स्कूटी से जा रही एक महिला और उसकी बच्ची चोटिल हो गईं। घटना का विडियो सामने आने के बाद नगर निगम के अधिकारी हरकत में आए और देर शाम तक कीचड़ हटवा दिया गया।
शाम करीब 6 बजे बेरीवाला बाग डंपिंग स्टेशन के बाहर दिनभर कूड़ा ढोने वाली गाड़ियां, कूड़े से भरे ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़े रहते हैं। ऐसे में इनसे कूड़ा भी सड़क पर गिरता रहता है। गुरुवार शा हुई बारिश के कारण डंपिंग स्टेशन के अंदर का पानी बाहर आ गया। साथ ही सड़क पर पड़े कूड़े की वजह से कीचड़ और बढ़ गया। इसके चलते कई बाइकर्स और स्कूटी चालक फिसलकर घायल हो गए। फिसलन इतनी अधिक थी कि लगभग हर 5 मिनट में कोई न कोई दोपहिया वाहन चालक गिर रहा था। इस दौरान कई युवकों के अलावा एक महिला और उसकी बच्ची को भी चोटें आईं। नगर निगम के सीनियर सेनेटरी इंस्पेक्टर हर्ष चावला ने बताया कि डंपिंग स्टेशन के सामने से कीचड़ हटवा दिया गया है। उनके अनुसार कीचड़ सड़क पर ही फैल गया था।


