हथीन ITI में 444 सीटों पर होंगे दाखिले

नवभारतटाइम्स.कॉम

राजकीय आईटीआई हथीन में 2026-27 सत्र के लिए 444 सीटों पर दाखिले होंगे। 12 ट्रेड्स की 20 यूनिटों में प्रवेश दिए जाएंगे। ऑनलाइन आवेदन 2 जून से 15 जून तक होंगे। संस्थान में आवेदन प्रक्रिया के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। अग्निपथ योजना और तकनीकी शिक्षा के बढ़ते रुझान से दाखिलों में प्रतिस्पर्धा बढ़ने की उम्मीद है।

hathin iti admissions open for 444 seats apply online from june 2

n NBT न्यूज, हथीन

राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) हथीन में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के दाखिलों को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। संस्थान में 12 ट्रेड्स की 20 यूनिटों में कुल 444 सीटों पर प्रवेश दिए जाएंगे। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 2 जून से शुरू होकर 15 जून तक चलेगी। विभाग की ओर से आवेदन प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। दाखिले के दौरान छात्र-छात्राओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए संस्थान परिसर में कंप्यूटर सिस्टम लगाए गए हैं। साथ ही एक विशेष पूछताछ केंद्र और हेल्प डेस्क भी स्थापित किए गए हैं, जहां विद्यार्थियों को नि:शुल्क आवेदन भरने और जानकारी प्राप्त करने की सुविधा मिलेगी। दाखिला प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए कर्मचारियों की विशेष ड्यूटी भी लगाई गई है। राजकीय आईटीआई हथीन के प्रधानाचार्य मुकेश भारती ने बताया कि छात्रों की सुविधा के लिए विभिन्न कमेटियों का गठन किया गया है। दाखिले के दौरान विद्यार्थियों को हर स्तर पर सहायता उपलब्ध कराई जाएगी ताकि प्रक्रिया पूरी तरह सहज और व्यवस्थित रहे। प्रधानाचार्य के अनुसार इस बार दाखिले को लेकर प्रतिस्पर्धा बढ़ने की संभावना है। अग्निपथ योजना में आईटीआई डिप्लोमा धारकों को अतिरिक्त पांच बोनस अंक मिलने और 10वीं-12वीं में उत्तीर्ण विद्यार्थियों की संख्या बढ़ने से युवाओं का रुझान तकनीकी शिक्षा की ओर तेजी से बढ़ रहा है।