एक महीने से पानी की किल्लत, हथीन रोड पर ट्रैफिक को रोका

नवभारतटाइम्स.कॉम

पलवल के दुर्गापुर गांव में एक महीने से पानी की किल्लत है। परेशान ग्रामीणों ने गुरुवार को पलवल-हथीन रोड पर जाम लगा दिया। इससे करीब दो घंटे यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने यातायात को दूसरे मार्गों से डायवर्ट किया। जनस्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार तक आपूर्ति सुचारू करने का आश्वासन दिया है।

water scarcity villagers block hathin road traffic disrupted for two hours

n NBT न्यूज, पलवल

पीने के पानी की गंभीर किल्लत से परेशान ग्रामीणों ने गुरुवार को पलवल-हथीन रोड पर जाम लगाकर प्रशासन और जनस्वास्थ्य विभाग के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। गांव दुर्गापुर में लगाए गए इस जाम के कारण करीब दो घंटे तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा और सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को दूसरे मार्गों से डायवर्ट किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल रहीं। आरोप था कि गांव के दो मोहल्लों में पिछले करीब एक महीने से पेयजल आपूर्ति ठप पड़ी हुई है। ग्रामीणों के मुताबिक, जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को कई बार लिखित और मौखिक शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लगातार अनदेखी के बाद मजबूर होकर ग्रामीणों को सड़क पर उतरना पड़ा। जनस्वास्थ्य विभाग के कनिष्ठ अभियंता ने बताया कि ऊंचाई वाले मोहल्लों में पानी की सप्लाई प्रभावित हो रही है, जिस कारण दिक्कत आ रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि शुक्रवार तक पेयजल आपूर्ति सुचारू करने का प्रयास किया जाएगा और यदि कोई तकनीकी समस्या रही तो शनिवार तक स्थिति सामान्य कर दी जाएगी।