नाक के रास्ते निकाला मस्तिष्क का ट्यूमर

नवभारतटाइम्स.कॉम•
brain tumor removed through nose eyesight restored
nNBT न्यूज, लखनऊ : आंखों की लगातार घटती रोशनी की वजह बने मस्तिष्क के निचले हिस्से में स्थित पिट्यूटरी ग्रंथि के बड़े ट्यूमर को सिविल अस्पताल के डॉक्टरों ने बिना सिर की हड्डी खोले निकाल दिया। 25 अक्टूबर को हुई जटिल सर्जरी के बाद मरीज की आंखों की रोशनी में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।

न्यूरो सर्जन डॉ. विनोद कुमार तिवारी और उनकी टीम ने माइक्रोस्कोपिक ट्रांसनेजल ट्रांसस्फेनॉइडल तकनीक से ऑपरेशन किया। मूलरूप से देवरिया निवासी मरीज दुबई में काम करता है। ट्यूमर बढ़ने से आंखों की नसों पर दबाव पड़ रहा था, जिससे उसकी दृष्टि प्रभावित हो रही थी। समय पर ऑपरेशन नहीं होने पर रोशनी स्थायी रूप से जाने का खतरा था।
10 दिन पहले मरीज सिविल अस्पताल पहुंचा था। डॉक्टरों ने नाक के रास्ते स्फेनॉइड साइनस से होते हुए ट्यूमर तक पहुंच बनाई और उसे बाहर निकाल दिया। डॉक्टरों के मुताबिक मरीज को सोमवार को डिस्चार्ज किया जाएगा।

डॉ. विनोद ने बताया कि निजी अस्पतालों में इस तरह की सर्जरी पर 15 से 20 लाख रुपये खर्च होते हैं। सरकारी अस्पताल में यह सुविधा मिलना मरीजों के लिए बड़ी राहत है। अस्पताल निदेशक डॉ. जीपी गुप्ता ने टीम को बधाई दी।

रेकमेंडेड खबरें