Ed To Interrogate Azam Khan On Remand Major Revelations In Money Laundering Case
आज़म को रिमांड पर लेकर फिर पूछताछ करेगी ईडी
Contributed by: ankur.tiwari|नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आजम खां की गिरफ्तारी के बाद ईडी अब पूछताछ का अगला दौर शुरू करने की तैयारी में है। एजेंसी जल्द कोर्ट से रिमांड मांगकर आजम खां से आमने-सामने पूछताछ करेगी। पूछताछ के दौरान सवाल 426.46 करोड़ रुपये की उन संपत्तियों और वित्तीय लेन-देन पर रहेंगे, जिन्हें ईडी मनी लॉन्ड्रिंग जांच से जोड़कर देख रही है।
ईडी ने आजम खां को 31 अक्टूबर को गिरफ्तार किया था। विशेष पीएमएलए अदालत, गाजियाबाद ने रविवार को उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इससे पहले 13 अक्टूबर को एजेंसी ने रामपुर जेल में उनसे पूछताछ की थी और बाद में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम तथा बीएनएस की धाराओं में नई एफआईआर दर्ज करवाई गई थी। जांच का केंद्र जौहर ट्रस्ट और आजम खां से जुड़े वित्तीय लेन-देन हैं। ईडी का दावा है कि सार्वजनिक कार्यों के लिए निर्धारित धन और सामग्री का इस्तेमाल जौहर विश्वविद्यालय में किया गया। साथ ही सरकारी ठेके हासिल करने वाले कुछ ठेकेदारों से ट्रस्ट तक धन पहुंचने के आरोप भी जांच के दायरे में हैं। एजेंसी अब इन पैसों के स्रोत, प्रवाह और संभावित लाभार्थियों की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।26 FIR दर्ज होने के बाद शुरू हुई थी जांच : मामले की जांच 2019 में रामपुर के अजीमनगर थाने में दर्ज 26 एफआईआर के आधार पर शुरू हुई थी। इनमें किसानों की जमीन विश्वविद्यालय के लिए जबरन कब्जाने, धमकी देकर बैनामा करवाने और अन्य आरोप लगाए गए थे। अगस्त 2026 में ईडी ने विश्वविद्यालय और उससे जुड़े परिसरों पर छापे मारकर दस्तावेज व इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त किए थे। ईडी के अनुसार इन संपत्तियों का मूल्य 426.46 करोड़ रुपये है, जबकि मौजूदा बाजार मूल्य करीब 1170 करोड़ रुपये आंका गया है।
वहीं, आप सांसद संजय सिंह ने आजम की गिरफ्तारी को सरकारी तानाशाही और अत्याचार बताया है।