Nia To Investigate Shehzad Bhatti Module In Up Network Of Foreign Handlers To Be Uncovered
यूपी में शहजाद भट्टी मॉड्यूल की जांच NIA को
Contributed by: ankur.tiwari|नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़े तुषार चौहान और समीर खान के मामले की जांच अब NIA करेगी। एनआईए की लखनऊ इकाई ने केस दर्ज कर उन विदेशी हैंडलरों के नेटवर्क की पड़ताल शुरू कर दी है, जो भारतीय युवाओं को सोशल मीडिया के जरिए भड़काकर आतंकी गतिविधियों में इस्तेमाल करने की कोशिश कर रहे हैं।
जांच एजेंसी सोशल मीडिया चैट, विदेशी हैंडलरों से संपर्क, धमकी भरी कॉल, फंडिंग के स्रोत और पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की गहराई से जांच करेगी। एनआईए यह भी पता लगाएगी कि इस नेटवर्क की पहुंच कहां तक थी और इसके तार किन-किन लोगों से जुड़े थे। इस मामले में यूपी एटीएस ने 23 अप्रैल 2026 को नोएडा से बागपत निवासी तुषार चौहान उर्फ हिजबुल्लाह अली खान और दिल्ली निवासी समीर खान को गिरफ्तार किया था।जांच में सामने आया था कि दोनों पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी और उसके सहयोगी आबिद जट के संपर्क में थे। शुरुआती संपर्क सोशल मीडिया के जरिए हुआ। बाद में कॉल्स के जरिए सूचनाओं, विडियो व फोटो का आदान प्रदान और टास्क देना शुरू हो गया। एटीएस के अनुसार दोनों को यूपी और दिल्ली में ग्रेनेड हमले करने तथा कुछ लोगों की हत्या की साजिश को अंजाम देने का टास्क दिया गया था। इसके बदले उन्हें बड़ी रकम देने और वारदात के बाद दुबई के रास्ते पाकिस्तान पहुंचाने का लालच दिया गया था।
समीर खान को सोशल मीडिया के जरिए नए युवाओं को नेटवर्क से जोड़ने और तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान के प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। जांच के दौरान 20 से अधिक धमकी भरी कॉल का मामला भी सामने आया। एटीएस के मुताबिक पाकिस्तान में बैठे हैंडलर कॉन्फ्रेंस कॉल के जरिए इस नेटवर्क से जुड़े लोगों के लगातार संपर्क में रहते थे। कुछ लोगों को धर्म परिवर्तन समेत अन्य मुद्दों को लेकर धमकियां भी दी गई थीं। मामले में यूपी एटीएस अपनी चार्जशीट अदालत में दाखिल कर चुकी है। अब एनआईए इस पूरे नेटवर्क, उसके विदेशी संचालकों, फंडिंग चैनल और संभावित आतंकी साजिशों की व्यापक जांच करेगी।