गायन, वादन और नृत्य की त्रिवेणी में डूबे कला प्रेमी

नवभारतटाइम्स.कॉम•
गायन, वादन और नृत्य की त्रिवेणी में डूबे कला प्रेमी
n NBT न्यूज, लखनऊ: गोमती नगर स्थित उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के संत गाडगे जी महाराज प्रेक्षागृह में शनिवार की शाम शास्त्रीय सुरों, तबले की गमक और कथक के घुंघरुओं की झंकार से गुलजार हो उठी। अकादमी द्वारा प्रदेश के प्राचीन कलाकारों की स्मृति में आयोजित ' घराना संगीत समारोह ' में कला प्रेमियों को एक ही मंच पर गायन, वादन और नृत्य की त्रिवेणी का अद्भुत संगम देखने को मिला।

समारोह की मुख्य आकर्षण पुणे से आईं किराना घराने की प्रख्यात गायिका अश्विनी मोडक रहीं। उन्होंने राग गवती में विलंबित एकताल में बड़ा ख्याल 'तुमरे गुण गाऊं' और द्रुत ताल में छोटा ख्याल 'मोरे मंदिर आए' प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी सधी हुई गायकी को दिनकर द्विवेदी के हारमोनियम और सौरभ के तबले ने बखूबी ऊंचाई दी।
कार्यक्रम के दूसरे सोपान में उत्तर प्रदेश के विभिन्न तबला घरानों की सामूहिक प्रस्तुति ने सभागार में ऊर्जा भर दी। लखनऊ के अरुण भट्ट, डॉ. मनोज कुमार मिश्रा, इलियास हुसैन खान और दिल्ली के अतहर हुसैन खान ने पेशकार, कायदा, टुकड़े और चक्करदार की ऐसी जुगलबंदी पेश की कि श्रोता वाह-वाह कर उठे।

51 चक्कर लगाकर युवा प्रतिभा ने दिखाया दम: तीसरे सोपान में युवा प्रतिभा का दम दिखा। अकादमी की प्रादेशिक संगीत प्रतियोगिता 2025 की विजेता लखनऊ की विधि जोशी ने पारंपरिक लखनवी कथक की बारीकियों से सबका दिल जीत लिया। 'जय भगवती देवी' स्तुति के बाद थाट, आमद, परन और एक साथ 51 चक्कर लगाकर विधि ने अपनी दक्षता का परिचय दिया।

रेकमेंडेड खबरें