Insurance Ombudsman Lucknow Record 76 Increase In Grievance Redressal No Pending Complaints
बीमा शिकायतों के निपटारे में दर्ज हुई 76% की वृद्धि
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, लखनऊ : इंश्योरेंस ओम्बड्समैन ( बीमा लोकपाल ) लखनऊ कार्यालय 16 नवंबर को वार्षिक 'इंश्योरेंस ओम्बड्समैन दिवस' मनाएगा। हर साल नवंबर में मनाए जाने वाले इस दिवस का मुख्य उद्देश्य लोगों में यह जागरूकता फैलाना है कि बीमा सेवा और दावों से जुड़ी शिकायतों के त्वरित, निष्पक्ष व निःशुल्क समाधान के लिए एक प्रभावी व्यवस्था मौजूद है। इस अवसर पर बीमा कंपनियों और स्टेकहोल्डर्स की बैठक आयोजित की जाएगी।
इस संबंध में जीवन भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में बीमा लोकपाल संजय सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश के 42 जिलों को कवर करने वाले लखनऊ कार्यालय में शिकायतों के निपटारे में 76% की वृद्धि दर्ज की गई है और तीन महीने से अधिक समय की एक भी शिकायत लंबित नहीं है। पिछले वित्तीय वर्ष में कार्यालय को 3,025 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 2,811 (93%) का सफल निपटारा किया गया। कुल निर्णयों में 76% फैसले पॉलिसी धारक के पक्ष में रहे। इस वित्तीय वर्ष में अक्टूबर तक 2,909 पंजीकृत शिकायतों में 2,626 का निस्तारण हो चुका है। पिछले वर्ष इसी अवधि के मुकाबले शिकायतें प्राप्त होने में 50% और निपटारे में 76% की वृद्धि हुई।ग्राहकों के पास 1 माह का फ्री-लुक पीरियड: बीमा लोकपाल ने स्पष्ट किया कि बीमा कंपनियों को सहानुभूति के नजरिए से काम करना होगा और वे लोकपाल के फैसले मानने के लिए बाध्य हैं। उन्होंने कंपनियों को निर्देश दिया कि ग्राहकों की ज़रूरत के अनुसार ही पॉलिसी दें और क्लेम प्रक्रिया को पारदर्शी व जवाबदेह बनाएं। वहीं, पॉलिसी धारकों से अपील की गई कि वे बहकावे में न आएं।