जब 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारत का संविधान अपनाया, तब दुनिया के कई जानकारों ने इसे एक जोखिम भरा प्रयोग माना था। गरीबी, निरक्षरता, विभाजन का दर्द और सैकड़ों भाषाओं, धर्मों व जातियों में बंटा समाज- ऐसे देश में हर वयस्क को वोट का अधिकार देना उन्हें दुस्साहस लगा था। आज 77 साल बाद इतिहास का फैसला सामने है। वह प्रयोग सफल रहा। और सफल ही नहीं, मिसाल बना।
समय के साथ । इस सफलता की पहली वजह संविधान की बुनावट है। यह उन विरले दस्तावेजों में है, जो मजबूत भी हैं और लचीले भी। इसमें इतनी दृढ़ता है कि लोकतंत्र की बुनियाद डिगे नहीं, और इतनी गुंजाइश कि समय के साथ खुद को ढाल सके। मूल रूप में 395 अनुच्छेद और 8 अनुसूचियों वाला यह दस्तावेज आज बहुत बदले हुए भारत की जरूरतों को भी साध रहा है। पंचायतों को संवैधानिक दर्जा मिला, शिक्षा को मौलिक अधिकार बनाया गया और महिलाओं के लिए विधायिका में आरक्षण का रास्ता खुला। हर बदलाव इस बात का सबूत है कि संविधान समाज के साथ चलना जानता है।जीवन में शामिल । दूसरी वजह हमारी अदालतें और उनकी व्याख्याएं हैं। केशवानंद भारती के फैसले में 'मूल संरचना' का सिद्धांत भारतीय न्यायशास्त्र की दुनिया को दी गई बड़ी देन है। निजता को मौलिक अधिकार मानने वाला पुट्टास्वामी निर्णय हो या अनुच्छेद 21 का लगातार विस्तार, न्यायपालिका ने संविधान के शब्दों में आज के नागरिक की जिंदगी के मायने भरे हैं।
मजबूत भरोसा । तीसरी और सबसे बड़ी ताकत है जनता का भरोसा। जिस देश में चुनाव एक महापर्व जैसा होता है, जहां करोड़ों लोग कतार में खड़े होकर अपने प्रतिनिधि चुनते हैं और नतीजों को स्वीकार करते हैं, वहां संविधान सिर्फ किताब नहीं, जीवन का हिस्सा बन चुका है। गांव का वह बुजुर्ग जो पहली बार अंगूठा लगाकर मतदान करता है और शहर का वह युवा जो पहली बार वोटर कार्ड पाकर गर्व से भर उठता है, दोनों इसी संविधान की संतान हैं।
सभ्यता की स्मृति । यह भी याद रखने लायक है कि संविधान सभा कोई एकरंगी जमावड़ा नहीं थी। उसमें अलग-अलग विचारधाराओं, क्षेत्रों और पृष्ठभूमियों के लोग थे, जिनमें 15 महिलाए भी शामिल थीं। डॉ. भीमराव आंबेडकर की अध्यक्षता में प्रारूप समिति ने इन तमाम आवाजों को एक सूत्र में पिरोया। मतभेदों के बीच सहमति तलाशने की वही परंपरा हमारे लोकतंत्र की असली पूंजी है। नंदलाल बोस और उनके साथी कलाकारों ने जब इसके पन्नों को सजाया, तो मोहनजोदड़ो की मुहर से लेकर नटराज तक की झलक इसमें उतर आई। इसीलिए संविधान हमारी सभ्यता की स्मृति भी है। आज जब भारत दुनिया के मंच पर अपनी आवाज बुलंद कर रहा है, तब इस आत्मविश्वास की जड़ें कहीं न कहीं इसी संविधान में हैं।