हार अंत नहीं, यहां से मिल सकती है सफलता की सीढ़ी

Contributed by: दीपचंद भारद्वाज|नवभारतटाइम्स.कॉम•
Navbharat Times
मनुष्य का जीवन कभी एक जैसा नहीं रहता। रात और दिन की तरह इसमें भी सुख-दुख, आशा-निराशा, सफलता-असफलता और जीत-हार चलता रहता है। जब हमारी इच्छा पूरी होती है तो मन खुशी और उत्साह से भर जाता है। लेकिन, जब चाहने के बावजूद कोई चीज नहीं मिलती या किसी काम में असफलता हाथ लगती है तो मन उदास हो जाता है। यह स्वाभाविक है। समस्या तब शुरू होती है, जब हम निराशा को लंबे समय तक अपने मन में जगह दे देते हैं।

आज पढ़ाई, नौकरी, करियर, रिश्तों और दूसरी अपेक्षाओं के दबाव में थोड़ी-सी असफलता भी युवाओं को बहुत परेशान कर देती है। कई बार वे एक परीक्षा में कम अंक आने, नौकरी न मिलने या किसी काम में मनचाहा परिणाम नहीं मिलने को जीवन की सबसे बड़ी हार मान लेते हैं। वे यह भूल जाते हैं कि एक असफलता से जीवन की सारी संभावनाएं खत्म नहीं हो जातीं। निराशा में डूबकर वे अपने वर्तमान के साथ भविष्य को भी नुकसान पहुंचाने लगते हैं।
ऐसे समय में अभिभावकों की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण होती है। युवाओं को डांटने, उनकी तुलना दूसरों से करने या उन पर अपनी अपेक्षाएं थोपने के बजाय उनसे प्यार और विश्वास के साथ बात करनी चाहिए। उनकी परेशानी को समझना और बिना किसी पूर्वाग्रह के उनकी बात सुनना जरूरी है। उन्हें यह भरोसा दिलाना चाहिए कि असफलता के समय भी परिवार उनके साथ खड़ा है। उन्हें यह भी समझना होगा कि हर परिस्थिति हमेशा अनुकूल नहीं हो सकती। विपरीत हालात में घबराने के बजाय उसके कारणों को समझना और समाधान खोजना चाहिए। जरूरत पड़ने पर दूसरों की मदद लेने में भी संकोच नहीं करना चाहिए।

जीवन में कठिनाइयां आती हैं, लेकिन वे हमेशा नहीं रहतीं। जरूरी है कि हम निराशा को अपनी पहचान न बनने दें। धैर्य, सकारात्मक सोच और लगातार प्रयास से मुश्किल परिस्थितियों को भी बदला जा सकता है। याद रखें, एक हार जीवन का अंत नहीं, आगे बढ़ने का एक नया अवसर भी हो सकती है।