उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में मुस्लिम मतदाताओं की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। प्रदेश की राजनीति में उन्हें वोट बैंक के रूप में देखा जाता रहा है। यह मान लिया गया है कि मुस्लिम समाज BJP को वोट नहीं करता और न कभी करेगा। लेकिन, बदलते सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक परिदृश्य में इस धारणा पर नए सिरे से विचार जरूरी है। मेरा मानना है कि एक वर्ग अब पारंपरिक वोट बैंक की राजनीति से बाहर निकलकर विकास, सुशासन, सुरक्षा, शिक्षा और सरकारी योजनाओं के वास्तविक लाभ को प्राथमिकता दे रहा है। BJP के प्रति बदलती धारणा इस बदलाव का संकेत है।
धर्म नहीं, पात्रता पर लाभइस बदलाव को समझने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और उनके जमीनी प्रभाव को देखना जरूरी है। मुफ्त राशन, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला, पीएम आवास और जनधन जैसी योजनाओं का लाभ धर्म या समुदाय के आधार पर नहीं, पात्रता के अनुसार है। प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण सहित इन योजनाओं के लाभार्थियों में मुसलमानों का भी बड़ा वर्ग शामिल है।
पीएम आवास योजना-शहरी के तहत 26 जुलाई 2024 तक मुसलमानों के नाम पर 13.49 लाख मकान स्वीकृत हुए, जो कुल आवास के 12.83% थे। उज्ज्वला योजना के तहत मई 2026 तक 10.57 करोड़ से अधिक LPG कनेक्शन दिए जा चुके थे, जिनमें मुस्लिम महिलाएं भी शामिल हैं। आयुष्मान भारत का पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य कवर और मुफ्त राशन, गैस कनेक्शन, पक्के मकान जैसी सुविधाएं भी धर्म से परे गरीब परिवारों को सामाजिक सुरक्षा देने का प्रयास हैं।
नजरिया बदलने की जरूरत
राजनीतिक दलों ने लंबे समय तक मुसलमानों के नाम पर राजनीति की, लेकिन गरीब, पिछड़े और दस्तकार वर्गों के आर्थिक सशक्तीकरण को अपेक्षित प्राथमिकता नहीं मिली। पीएम मोदी ने पसमांदा समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की बात राष्ट्रीय विमर्श में रखी। पीएम विकास योजना के तहत अल्पसंख्यक कारीगरों, युवाओं और महिलाओं के कौशल विकास, उद्यमिता, शिक्षा और रोजगार पर ध्यान दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य पारंपरिक हुनर को आधुनिक बाजार से जोड़ना और रोजगार के नए अवसर पैदा करना है।
किसी समाज की प्रगति में महिलाओं की स्थिति अहम होती है। इस लिहाज से तीन तलाक के खिलाफ कानून मुस्लिम महिलाओं को कानूनी सुरक्षा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और कानूनी अधिकारों से जुड़े प्रयासों को राजनीतिक नजरिये के बजाय सामाजिक न्याय और समान अवसर के संदर्भ में देखना चाहिए। चुनावी नतीजे भी मुस्लिम मतदाताओं की बदलती राजनीतिक पसंद के संकेत देते हैं। नवंबर 2024 में मुस्लिम बहुल कुंदरकी विधानसभा सीट पर BJP की जीत इसका उदाहरण रही।
असम के नगांव लोकसभा क्षेत्र में अक्टूबर 2026 के उपचुनाव में BJP उम्मीदवार देवाशीष शर्मा ने ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट ( AIUDF ) के प्रमुख बदरुद्दीन अजमल को 1.42 लाख मतों से हराया। इसी तरह, पश्चिम बंगाल की मुस्लिम बहुल रेजीनगर सीट पर BJP उम्मीदवार शंखराभ सरकार 75,816 मतों से जीते। ये नतीजे भी मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में बदलते चुनावी समीकरणों और BJP की बढ़ती राजनीतिक पहुंच के संकेत देते हैं।
विकास के बराबर भागीदार
भारतीय लोकतंत्र की खूबसूरती उसकी विविधता में है। समाज को ऐसी राजनीति चाहिए जो बच्चों की शिक्षा, युवाओं के रोजगार और महिलाओं के सम्मान को प्राथमिकता दे। प्रधानमंत्री मोदी का मंत्र ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ इसी सोच को दर्शाता है।
उत्तर प्रदेश का चुनाव विकास, कल्याणकारी योजनाओं, कानून-व्यवस्था और नेतृत्व के प्रति जनता की धारणा की भी परीक्षा होगा। मोदी फैक्टर को कमजोर मानने वालों को विभिन्न राज्यों के चुनावी नतीजों का विश्लेषण करना चाहिए। मोदी की लोकप्रियता और नेतृत्व की अपील आज भी BJP के लिए महत्वपूर्ण राजनीतिक कारक हैं।
मेरा विश्वास है कि मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास के अजेंडे का असर मुस्लिम समाज की बढ़ती आकांक्षाओं में भी दिख रहा है। यह BJP का उभरता हुआ सरप्राइज वोट बैंक हो सकता है। योगी सरकार ने भी इस दिशा में प्रयास आगे बढ़ाए हैं। अब मुस्लिम समाज को वोट बैंक नहीं, विकास का समान भागीदार मानना होगा। यही विकसित भारत का संकल्प है।