रावण खुश है। बहुत ज्यादा खुश है। अपने दसों चेहरों से खुश है। बीसों हथेलियों से खुश है और ताली बजाता दिख रहा है। बीच-बीच में अट्टहास भी कर ले रहा है। उसकी इस अपार खुशी का कारण है फिल्म 'रामायण'। यह फिल्म बनी तो है प्रभु राम के जीवन चरित को केंद्र में रखकर, लेकिन इस बार वह कुछ ऐसी माया रचने में सफल हो गया है कि केंद्र में वही प्रतीत हो रहा है। अच्छाई और बुराई गड्ड-मड्ड है। अच्छाई और बुराई के बीच फर्क आश्चर्यजनक रूप से कम लग रहा है। रण चल रहा है, लेकिन वह रमणीय स्थल में तब्दील होता दिख रहा है...।
ना-ना, इस काम के लिए उसने कोई प्रयास नहीं किया। वह तो फिल्म इंडस्ट्री से सदा ही उदासीन रहा है। उसे अच्छी तरह पता है कि राम पर बनी किसी भी फिल्म के अंत में उसका क्या हश्र होना है। कोई भी फिल्म बने, कितने ही करोड़ की बने, उसके धराशायी हुए बिना कहानी खत्म नहीं होनी। उसे मरना ही मरना है। लेकिन, इस बार कुछ समीकरण बदले दिख रहे हैं। उसे महत्व मिला है। फिल्म में उसे ज्यादा फुटेज दी गई है। इस बदलाव का कुछ तो मतलब है। कोई तो आशय है!इधर, कुछ लोगों ने फिल्म का नाम 'रामायण' की जगह 'रावणायण' रखने की मांग शुरू कर दी है, इसे भी रावण बड़ी कामयाबी मान रहा है। वह अपनी काली और घनी मूंछों में निरंतर मुस्कुरा रहा है। रावण आश्वस्त हो चुका है कि उसके समर्थक लगातार बढ़ रहे हैं, भले ही वे सामने न आ रहे हों। वह सुखद कल्पना में डूब चुका है कि उसका वक्त बदल रहा है। अब उसका वक्त आ रहा है...!