मुंशी प्रेमचंद ने अपनी मेहनत से सरस्वती प्रेस की स्थापना की थी। यह बात तब की है, जब उनका प्रेस आर्थिक तंगी गुजर रहा था। इस मुश्किल दौर से प्रेस को उबारने के लिए उन्हें दिन-रात एक करना पड़ रहा था। तमाम कोशिशों के बावजूद मुफलिसी उनका पीछा छोड़ने को तैयार न थी। यह बात उनकी पत्नी शिवरानी देवी से कहां छिपी थी। एक दिन सर्दियों के मौसम में उनकी पत्नी ने अपनी बचत के कुछ रुपये उन्हें देते हुए कहा, 'आपका पुराना कोट कई जगह से फट गया है। जाड़ा भी शुरू हो चुका है। इन पैसों से अपने लिए एक नया कोट बनवा लीजिए।' दो-तीन दिन बीत गए, लेकिन प्रेमचंद नया कोट खरीदकर नहीं लाए। इस पर शिवरानी ने नाराजगी जताते हुए पूछा कि आखिर उन्होंने कोट क्यों नहीं खरीदा? प्रेमचंद ने सहज जवाब दिया, 'मुझे यह बिल्कुल अच्छा नहीं लगेगा कि मैं नया कोट पहनूं और मेरी प्रेस में दिन-रात मेहनत करने वाले मजदूर गर्म कपड़ों के अभाव में ठंड से कांपते रहें। तुम्हारे दिए हुए रुपये मैंने मजदूरों में बांट दिए हैं, ताकि वे गर्म कपड़े खरीद सकें। मेरा क्या है, पुराने कोट से भी गुजारा हो जाएगा।' अपने प्रश्न का ऐसा मार्मिक उत्तर पाकर शिवरानी से कुछ कहते न बना। यही प्रेमचंद की संवेदनशीलता और अपने श्रमिकों के प्रति उनकी आत्मीयता थी।