खुद को मरा साबित करने के लिए काटा था नेत्रहीन का सिर, मुख्य आरोपित संग 3 अरेस्ट
खुद को मरा साबित करने के लिए काटा था नेत्रहीन का सिर, मुख्य आरोपित संग 3 अरेस्ट
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, शाहजहांपुर
कलान में कुएं में मिले सिरकटे शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। दुष्कर्म समेत कई मुकदमों के आरोपित विनोद शर्मा उर्फ बाबा ने खुद को मृत साबित करने के लिए नेत्रहीन राजपाल की हत्या की थी। पहचान छिपाने के लिए सिर काटकर गंगा और धड़ कुएं में फेंक दिया था। पुलिस ने विनोद समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही सात परिवारीजनों को भी नामजद किया है।17 नवंबर को सिउड़ी के पास कुएं में सिरकटा धड़ मिला था। बैग से कपड़े और विनोद के आधार कार्ड की कॉपी मिली थी। पत्नी पूजा ने शव विनोद का बताकर गांव के प्रधान समेत नौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। हालांकि पहले दिन परिवारीजनों से शिनाख्त नहीं की थी, जबकि अगले दिन पत्नी ने पैर में बंधे काले धागे से पहचान की। ग्रामीणों ने शव की कद-काठी और उम्र विनोद से मेल नहीं खाने की बात कही थी।
एसपी ग्रामीण दीक्षा भवरे के मुताबिक विनोद का ससुराल निगोही के ऐठापुर में है। वहीं का राजपाल दस साल से पत्नी-बच्चों से अलग था। विनोद ने तंत्र विद्या से आंखें ठीक करने का झांसा दिया। फिर पत्नी, मां, भाइयों और बेटों समेत सात परिजनों के साथ साजिश रची। विकास और ओमपाल के साथ राजपाल का गला काटा। सिर उझानी घाट पर गंगा में बहाया और धड़ कुएं में फेंक दिया। परिजनों ने हाइवे जाम कर विनोद की हत्या की झूठी कहानी बनाई। सर्विलांस और कॉल डिटेल से पुलिस ने सोमवार रात बदायूं के नौसना मड़ैया के पास विनोद, विकास और ओमपाल को धर दबोचा। आरोपित नेपाल भागने की फिराक में थे।