जलवायु कार्रवाई को एहसान मानना व ख़र्च समझकर टालना राष्ट्रहित में नहीं
दुनिया के देश गहराते जलवायु संकट का सामना करने के लिए तुर्की के अंताल्या में जुटे थे। लेकिन, दो सप्ताह से अधिक चली बातचीत के बाद COP 31 बिना किसी ठोस समझौते के समाप्त हो गया। इससे पहले केवल एक बार, वर्ष 2000 में नीदरलैंड के हेग में, जलवायु वार्ता इतनी बुरी तरह विफल हुई थी। जलवायु कार्यकर्ताओं ने अंताल्या सम्मेलन को 'अब तक का सबसे खराब COP' करार दिया।
जिम्मेदारी से भागे । तेल उत्पादक देश किसी भी समझौते में जीवाश्म ईंधन का उल्लेख नहीं होने देने पर अड़े थे। वहीं विकसित देश, विशेषकर यूरोपीय संघ, जलवायु वित्त पर सार्थक बातचीत से बचते रहे। हर देश दूसरे से कदम उठाने की मांग कर रहा था, लेकिन खुद योगदान देने को बहुत कम तैयार था।अड़ियल रुख । सऊदी अरब के नेतृत्व में तेल उत्पादक देशों ने अंतिम घोषणा में तेल और गैस का उल्लेख तक करने का विरोध किया। यह बेहद हैरान करने वाला था। सम्मेलन में देशों ने पहली बार स्वीकार किया कि वैश्विक तापमान में वृद्धि पेरिस समझौते की 1.5 डिग्री सेल्सियस की सीमा को पार कर जाएगी। इसके बावजूद वे यह स्वीकार करने को तैयार नहीं थे कि जीवाश्म ईंधन ही वैश्विक तापमान बढ़ने का सबसे बड़ा कारण हैं।
EU का रवैया । सऊदी अरब के रुख का विरोध करने वाले विकसित देशों के पास भी नैतिक श्रेष्ठता का दावा करने का कोई खास आधार नहीं है। सम्मेलन शुरू होने से पहले ही यूरोपीय संघ के जलवायु आयुक्त वोपके होकस्ट्रा ने नए जलवायु वित्त संबंधी समझौतों पर बातचीत को 'डेड इन द वॉटर' यानी पूरी तरह ठप घोषित कर दिया था।
इच्छाशक्ति की कमी । COP31 एक भुतहा सम्मेलन बनकर रह गया। प्रतिनिधि मौजूद थे, भाषण दिए गए, पर राजनीतिक इच्छाशक्ति गायब थी। हालांकि निष्कर्ष निकालना गलत होगा कि बहुपक्षीय सहयोग की पूरी व्यवस्था ही विफल हो गई है। इसी प्रक्रिया के कारण पेरिस समझौता संभव हुआ, दुबई में जीवाश्म ईंधन से दूर जाने की प्रतिबद्धता बनी और जलवायु परिवर्तन के प्रभावों से निपटने के लिए वित्तीय सहायता बढ़ाने के वैश्विक वादे किए गए।
गलत आकलन । आखिर देश उस खतरे से निपटने की बातचीत को बार-बार विफल क्यों कर देते हैं, जिसके अस्तित्व को वे सभी स्वीकार करते हैं? इसका मूल कारण है राष्ट्रीय हित की गलत समझ। सरकारें आज भी जलवायु कार्रवाई को दूसरे देशों के लिए दी जाने वाली आर्थिक रियायत मानती हैं। उनकी नजर में यह एक ऐसा खर्च है, जिससे तब तक बचना चाहिए, जब तक कोई दूसरा इसकी कीमत चुकाने को तैयार न हो। लेकिन, राष्ट्रीय हित का यह आकलन खतरनाक साबित हो रहा है।
तरक्की का आधार । स्वच्छ ऊर्जा, बैटरी और विद्युतीकरण से आर्थिक विकास व ऊर्जा सुरक्षा के नए रास्ते खुल रहे हैं। वहीं, चरम मौसमी घटनाएं अर्थव्यवस्था और लोगों की आजीविका को नुकसान पहुंचा रही हैं। आने वाले समय में देशों की ताकत इस बात से तय होगी कि वे स्वच्छ तकनीक में कितना आगे हैं और जलवायु परिवर्तन के असर से निपटने के लिए कितने तैयार। ऐसे में जलवायु कार्रवाई में देरी देश की तरक्की और ताकत को कमजोर कर सकती है।
नई समझ । जलवायु वित्त और अंतरराष्ट्रीय सहयोग की जरूरत बढ़ी है। साझा निवेश, नई तकनीक और प्रभावित देशों को मदद देकर स्वच्छ ऊर्जा की ओर बदलाव तेज किया जा सकता है। कोशिश हो कि देश अपनी तरक्की के साथ जलवायु संरक्षण में भी योगदान दें। जब तक सरकारें मुट्ठी भर ताकतवर जीवाश्म ईंधन कंपनियों के हितों को अपने नागरिकों और देश के हितों के बराबर मानती रहेंगी, तब तक जलवायु सम्मेलन विफल होते रहेंगे। अगले सम्मेलन की शुरुआत एक नई समझ के साथ होनी चाहिए- जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए कदम उठाना सबसे बड़ा त्याग नहीं है। सबसे बड़ी कीमत तो कदम न उठाने की चुकानी पड़ेगी।