Say No To Home Remedies In Poisoning Expert Gives Prevention Advice
‘पॉइजनिंग में घरेलू नुस्खे को कहे न’
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, लखनऊ
घर, खेत और आसपास मौजूद कई जहरीली चीजों की जानकारी न होने से लोग अनजाने में पॉइजनिंग का शिकार हो जाते हैं। कीटनाशक, घरेलू रसायन, दवाएं, जहरीले पौधे और सांप जैसे विषैले जीव इसके प्रमुख कारण हैं। ऐसे मामलों में शुरुआती समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। गलत घरेलू उपचार स्थिति बिगाड़ सकता है।केजीएमयू के फरेंसिक मेडिसिन एवं टॉक्सिकॉलजी विभाग की ओर से आयोजित TOXICOMANIA 3.0 के तहत सोमवार को ग्राम सानियावा में ग्रामीणों को पॉइजनिंग से बचाव और तुरंत उठाए जाने वाले कदमों की जानकारी दी गई। विभाग की डॉ. शिउली ने बताया कि किसी व्यक्ति के जहरीली चीज निगलने या उसके संपर्क में आने की आशंका हो तो बिना चिकित्सकीय सलाह उल्टी न कराएं और घरेलू नुस्खे न आजमाएं। मरीज को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाएं।
7 अक्टूबर से टॉक्सिकॉलजी गार्डन :
केजीएमयू में 7 अक्टूबर को टॉक्सिकॉलजी गार्डन शुरू किया जाएगा। यहां कनेर, रत्ती, धतूरा समेत जहरीले पौधों को उनके स्थानीय और वैज्ञानिक नाम, जहरीले हिस्सों और उनसे होने वाली विषाक्तता की जानकारी के साथ प्रदर्शित किया गया है। विभाग के 24×7 पॉइजन इन्फॉर्मेशन सेंटर की जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि पॉइजनिंग में सही जानकारी और समय पर इलाज जान बचाने में अहम है।