Yogi Governments Big Announcement Social Pension Of 120 Crore People To Be One And A Half Times Know When The Benefit Will Be Received
डेढ़ गुना होगी 1.20 करोड़ लाभार्थियों की सामाजिक पेंशन
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : अलग-अलग सेवाओं और संवर्गों में मानदेय बढ़ाने के बाद अब योगी सरकार एक और घोषणा को अमली जामा पहनाने जा रही है। सरकार 1.20 करोड़ से अधिक लाभार्थियों की सामाजिक पेंशन इसी साल बढ़ाएगी। सीएम योगी आदित्यनाथ ने न केवल सार्वजनिक मंचों से इसकी घोषणा की है, बल्कि, प्रक्रिया को सैद्धांतिक सहमति भी दे दी है। अनुपूरक बजट में इसके लिए धनराशि का प्रावधान किया जाएगा।
2022 के विधानसभा चुनाव के समय जनता के सामने रखे गए संकल्प पत्र के बिंदुओं को सरकार एक-एक करके जमीन पर उतार रही है। हाल में ही सरकार ने शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, रसोइयों, पीआरडी जवानों का मानदेय बढ़ाया था। आउटसोर्स कर्मियों का न्यूनतम मानदेय भी 20 हजार रुपये किया जा चुका है। मेडिकल से आयुष इंटर्न तक के इंटर्नशिप भत्ते में बढ़ोतरी की जा चुकी है। इसी कड़ी में अब बुजुर्गों, निराश्रित महिलाओं और दिव्यांगजनों की पेंशन भी बढ़ाई जाएगी।अक्टूबर से ही मिलेगी बढ़ी पेंशन!
अभी तीनों ही श्रेणियों में सामाजिक पेंशन एक हजार रुपये महीने है। इसे बढ़ाकर 1500 रुपये महीने किया जाएगा। सूत्रों की मानें तो सरकार का लक्ष्य इस साल की तीसरी तिमाही से ही बढ़ी पेंशन का है। ऐसे में अक्टूबर, नवंबर और दिसंबर की तीनों महीनों की पेंशन एक साथ बढ़ी धनराशि के साथ आ सकती है। जल्द ही इसके लिएए कैबिनेट में प्रस्ताव लाकर विधिक औपचारिकता पूरी की जाएगी। सरकार नवंबर-दिसंबर में एक और अनुपूरक बजट लाएगी, जिसमें इसके लिए अतिरिक्त धनराशि का इंतजाम कर लिया जाएगा। इसे लाभार्थियों को सालाना 12 हजार रुपये की जगह 18 हजार रुपये मिलेंगे। योगी सरकार ने पहले कार्यकाल में वृद्धावस्था और दिव्यांगजन पेंशन की राशि पहले 500 रुपये और फिर 1000 रुपये प्रतिमाह की थी। वहीं, निराश्रित महिला पेंशन भी दोगुनी की गई थी। अब फिर बढ़ोतरी होगी।
समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण का कहना है कि सरकार निराश्रितों को सशक्त करने और आर्थिक संबल देने के लिए प्रतिबद्ध है। पेंशन बढ़ोतरी से बुजुर्गों को और सहारा मिलेगा। वहीं, दिव्यांगजन सशक्तिकरण मंत्री नरेंद्र कश्यप ने भी दिव्यांगों की पेंशन बढ़ाए जाने की प्रक्रिया जल्द पूरी होने की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि विभिन्न योजनाओं के तहत उनके सामाजिक-आर्थिक पुनर्वास एवं बेहतरी के लिए कदम उठाए जा रहे हैं, पेंशन बढ़ोतरी से इसे और विस्तार मिलेगा।