After Youth Girl Jumps Into Gomti Took A Terrifying Step Due To Fear Of Disgrace In Love Affair
युवक के बाद युवती ने गोमती में लगाई छलांग
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, लखनऊ
ठाकुरगंज के घैला पुल से रविवार शाम एक युवक और युवती ने गोमती नदी में छलांग लगा दी। दोनों के बीच विवाद के बाद युवक ने पहले नदी में छलांग लगाई। उसके पीछे पहुंची युवती भी कूद गई। सूचना पर पहुंची ठाकुरगंज और मड़ियांव पुलिस ने गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया। देर रात तक दोनों का पता नहीं चल सका था।पुलिस के मुताबिक, मड़ियांव के फैजुल्लागंज निवासी ढाबा संचालक गौतम गुप्ता (42) का बीकेटी क्षेत्र की 22 वर्षीय युवती से प्रेम प्रसंग था। गौतम विवाहित है और उसकी दो बेटियां हैं। प्रेम प्रसंग की जानकारी होने पर युवती के परिवारीजनों ने विरोध करते हुए उसे डांटा था। रविवार को नाराज होकर युवती घर से निकल गई थी। सूत्रों के मुताबिक युवती गौतम की दूर के रिश्ते में साली लगती है। दोनों के प्रेम संबंधों का पता चलने पर परिवार में बदनामी हो रही थी। इसकी वजह से दोनों परिवार के लोग नाराज थे।
शाम करीब चार बजे घैला पुल के पास गौतम और युवती के बीच बातचीत के दौरान विवाद हुआ। इसके बाद गौतम ने नदी में छलांग लगा दी। उसे कूदते देख युवती भी पीछे से नदी में कूद गई। घटना देखकर पुल पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कराई। देर शाम दोनों के परिवारीजन भी ठाकुरगंज थाने पहुंच गए। पुलिस देर रात तक नदी में सर्च ऑपरेशन चलाती रही।