Social Media Influencer Shraddha Dubeys Flat Businessman Dies After Falling Mother Alleges Influential People Are Protecting Accused
मां का आरोप-रसूखदार लोग आरोपित श्रद्धा को बचा रहे
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT रिपोर्ट, लखनऊ : बालू अड्डे के पास अवध ग्रीन अपार्टमेंट में सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर श्रद्धा दुबे के फ्लैट से गिरकर कारोबारी शिवा शर्मा (28) की मौत के मामले में पुलिस आरोपितों की तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस के मुताबिक, आरोपितों की लोकेशन रायबरेली और सीतापुर के पास मिली है। शिवा की मां रंजना शर्मा ने श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे, आदिल, ड्राइवर समेत अन्य लोगों के खिलाफ हजरतगंज थाने में हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कपूरथला में सेक्टर-एफ निवासी रंजना के मुताबिक, उनका बेटा शिवा श्रद्धा के साथ लिव-इन में रहता था। नौ अक्टूबर की शाम 6:45 बजे वह संदिग्ध हालात में श्रद्धा के फ्लैट से गिर गया था। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मां का आरोप है कि शिवा को प्रताड़ित कर फ्लैट से फेंका गया। उन्होंने पुलिस को कुछ चैट और मेसेज भी दिए हैं।शरीर पर चोटों और जलाने के निशान : रंजना के मुताबिक, शिवा के शरीर पर केवल अंडरवियर थी। उसकी आंखों, जबड़े, नाक और कान के पास चोटें थीं। टांगों और पसलियों में फ्रैक्चर के साथ शरीर पर खरोंच और सिगरेट से जलाने के निशान थे। चेहरे और शरीर पर मेकअप भी लगा था। इंस्पेक्टर विक्रम सिंह के मुताबिक, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में 10 एंटीमॉर्टम चोटों का उल्लेख है। पसलियां टूटकर फेफड़ों में घुस गई थीं।
क्लब में हुई थी दोनों की मुलाकात : रंजना के मुताबिक शिवा की मुलाकात श्रद्धा से क्लब में हुई थी। इसके बाद वह उसे फोन कर मिलने बुलाती और रुपये मांगती थी। पैसे नहीं देने पर फ्लैट में बुलाकर मारपीट कराती थी।
CCTV खंगाल रही पुलिस : इंस्पेक्टर विक्रम सिंह के मुताबिक, सीसीटीवी में शिवा के गिरने के बाद कुछ लोग सीढ़ियों से तेजी से नीचे उतरते दिखाई दिए। फुटेज में सचिवालय पास लगी एक ऑडी अपार्टमेंट से निकलती दिखी है। पुलिस जांच कर रही है कि क्या आरोपित इसी गाड़ी से भागे थे। इसके अलावा श्रद्धा की ओर से एक कारोबारी पर रेप का आरोप लगाते हुए तहरीर देने की चर्चा है।