एसपीआर पर एम3एम बिल्डिंग के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान अस्पताल में उनकी मौत हो गई। युवक बाइक पर अपने दोस्त के साथ मेला देखने जा रहा था, इस दौरान हादसा हो गया और जान चली गई। जानकारी के अनासार बिहार निवासी सुरजीत गुड़गांव में किराये पर अपनी पत्नी के साथ रहते थे। वह अपने दोस्त रितिक के साथ बाइक पर थे कि हादसा हो गया। बादशाहपुर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार, जूली ने बताया कि वह अपने पति सुरजीत के साथ गुड़गांव में किराये पर रहती थी। शुकवार को सुरजीत अपने दोस्त रितिक के साथ मेला देखने निकले था। दोनों बाइक पर सवार थे। बाइक रितिक चला रहा था, जबकि सुरजीत पीछे बैठे थे। दोनों सेक्टर-71 में एसपीआर पर पहुंचे, तभी एक अज्ञात वाहन के चालक ने कथित तौर पर उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में सुरजीत को गंभीर चोटें आईं। शनिवार के हादसे के संबंध में अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी सेक्टर-10 स्थित सरकारी अस्पताल पहुंचे।
पता चला कि घायल को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रविवार को पुलिस टीम सफदरजंग अस्पताल पहुंची, जहां उनकी मौत होने की सूचना मिली। पुलिस अब हादसे में शामिल अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान करने के साथ एक्सिडेंट के कारणों की जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और मामले की जांच की जा रही है।

