Secrets Of The Himalayas To Be Unveiled At Gsis Glaciology Gallery In Lucknow Answers To Glacier Shrinkage And Glof To Be Found
GSI की गैलरी में खुलेंगे हिमालय के राज़
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT रिपोर्ट, लखनऊ : हिमालय के ग्लेशियर क्यों सिकुड़ रहे हैं और इनसे बनने वाली झीलों के फटने (GLOF) से तबाही कैसे आती है? इन सवालों के जवाब अब लखनऊ में एक ही छत के नीचे मिलेंगे। भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (GSI) ने अपने लखनऊ परिसर में 'हिमनद विज्ञान गैलरी' तैयार की है। इसका लोकार्पण GSI की पहली महिला महानिदेशक वर्षा अशोक आगलावे मंगलवार को करेंगी। भूवैज्ञानिक राकेश मिश्रा के अनुसार, गैलरी का मुख्य आकर्षण भारतीय हिमालय के 12,012 ग्लेशियरों का अद्यतन डिजिटल रिकॉर्ड होगा।
1935 से जारी है ग्लेशियरों की पड़ताल : GSI ने 1935 में ग्लेशियरों का मानचित्रण शुरू किया था। वर्ष 1974 में व्यवस्थित अध्ययन के लिए ग्लेशियोलॉजी डिवीजन की स्थापना हुई। पांच दशक से अधिक समय से चल रहे इस काम को गैलरी के जरिए लोगों तक पहुंचाया जाएगा। यहां वैज्ञानिक उपकरणों और शोध की जानकारी से समझाया जाएगा कि ग्लेशियरों की निगरानी कैसे होती है और खतरे का आकलन कैसे किया जाता है। विशेषज्ञों के मुताबिक, वैज्ञानिक अध्ययन के साथ समय पर चेतावनी और स्थानीय लोगों की तैयारी भी जरूरी है। गैलरी हिमालय, जल संसाधनों और प्राकृतिक आपदाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने का माध्यम बनेगी।