Gurugram Drowned Again Due To Rain Waterlogging In Many Areas Devotees Face Problems
बारिश से फिर जलमग्न हुआ शहर
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
शहर में साेमवार अल सुबह हुई तेज बारिश से एक बार फिर शहर में कई इलाकों में जलभराव हो गया। इसके कारण सुबह के समय कई जगहों पर हेवी ट्रैफिक रहा। कई जगह जाम के हालात बने। नवरात्र के चलते व्यस्त शीतला माता रोड पर जलभराव से श्रद्धालुओं को दिक्कत हुई। इसके अलावा कोर्ट परिसर और ओल्ड सिटी के कई एरिया में पानी भर गया। दाेपहर बाद भी कई जगहों पर पानी निकल नहीं पाया था।शहर के सेक्टर-10 में सबसे अधिक जलभराव हुआ। यहां ब्लू बेल्स स्कूल के सामने तीन फीट तक पानी था। शीतला माता रोड पर दो फीट तक पानी था। यहां सैकड़ों श्रद्धालुओं को आने-जाने में परेशानी हुई। मंदिर के अंदर तक पानी घुस गया। सेक्टर-12, बस स्टैंड रोड, पटौदी रोड, बसई रोड, खांडसा, सेक्टर-15, झाड़सा, सेक्टर-38, सेक्टर-49, 50, सेक्टर-46 और सेक्टर-31 आदि एरिया में कई जगहों पर जलभराव हुआ।
फिर धुल गए जीएमडीए और निगम के दावे : मॉनसून बीतने के 20 दिन बाद इतनी तेज बारिश हुई है। इसके बावजूद जीएमडीए और निगम अपने दावे पूरे नहीं कर पाए। निगम कमिश्नर प्रदीप दहिया ने बताया कि जलभराव वाले पॉइंट्स पर जलनिकासी के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए। दोपहर तक अधिकतर जगहों से पानी निकल गया था।