Car Submerged In Noida Underpass 10 People Including Children Saved By Breaking The Window
अंडरपास में डूबी कार, शीशा तोड़कर बच्चों सहित 10 लोगों की बचाई जान
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, नोएडा
कुछ देर की बारिश ने एक बार फिर नोएडा प्राधिकरण के दावों की पोल खोल दी। सोमवार तड़के सेक्टर-95 स्थित अंडरपास में प्राधिकरण की लापरवाही का खामियाजा एक ही परिवार के मासूम बच्चों और महिलाओं सहित करीब 10 लोगों को भुगतना पड़ा। बारिश के कारण जलमग्न हुए अंडरपास में 3 से 5 फुट गहरे पानी में एक कार फंस गई और देखते ही देखते उसमें पानी भरने लगा। गनीमत रही कि चालक की सूझबूझ और फायर ब्रिगेड की कार्रवाई से सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए, वरना एक बड़ा हादसा हो सकता था।बुलंदशहर के चोला गांव निवासी नीरज रविवार रात परिवार के सदस्यों (कृष्ण, सूरज, धर्मवती, सीमा, आरती और चार बच्चों) के साथ गुड़गांव के शीतला माता मंदिर में बच्चे का मुंडन कराने गए थे। सोमवार तड़के करीब 4 बजे लौटते समय सीएनजी डलवाने के लिए उन्होंने कार सेक्टर-95 अंडरपास की ओर मोड़ी। तेज बारिश और धुंधले शीशों के कारण जलभराव की सही गहराई का अंदाजा नहीं लग सका।
पानी भरने पर मची चीख-पुकार: अचानक से कार बंद होने और पानी घुसने से बच्चे चिल्लाने लगे। पानी के दबाव से गेट भी नहीं खुल रहा था। कार चालक नीरज में लोहे के एक औजार से अपनी साइड का शीशा तोड़ा और खुद बाहर निकला। नीरज के साथ दो अन्य लोग भी बाहर निकले और कार को धक्का लगाकर किनारे करने की कोशिश की। इसके बाद कार में फंसी महिलाओं और बच्चों को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।